Holi 2026: पलटन बाजार में होली के स्वागत की तैयारियां, ‘स्मार्टफोन’ वाली पिचकारी और हर्बल गुलाल की खास मांग

Holi 2026: होली का त्योहार नजदीक है, उससे पहले उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बाजार रंगों और त्योहार के उत्साह से सराबोर हैं, पलटन बाजार एक जीवंत केंद्र बन गया है। दुकानों में चटक लाल, गुलाबी, पीले और हरे रंग और गुलाल सजे हुए हैं। बैट, त्रिशूल और यहां तक कि स्मार्टफोन के आकार की डिजाइनर पिचकारियों से स्टॉल पूरी तरह से भरे हुए हैं। कई पिचकारियों पर नेताओं की तस्वीरें भी हैं।

रंगों के त्योहार के लिए व्यापारियों ने ईको-फ्रेंडली गुलाल और डिजाइनर स्प्रिंकलर का स्टॉक भी जमा कर लिया है। थोक विक्रेता आदित्य मित्तल ने बताया कि “आइटम बहुत हैं। होली की रौनक इस टाइम बहुत चल रही है। मेन पर्चेजिंग दुकानदारों की चल रही है और आइटम में नई-नई इलेक्ट्रिक गने हैं और सिलेंडर इस तरह के आ रखे हैं। सिलेंडर दो किलो, चार किलो, छह किलो, 10 किलो इस तरह के हर तरह के सिलेंडर डबल जेड भी है इसमें।

बाकी गुलाल आते हैं हर्बल गुलाल आते हैं तोता कंपनी के, गणेशा कंपनी के हर्बल गुलाल बहुत बिकते हैं। उनकी डिमांड..उससे चेहरे में दिक्कत नहीं होती। हर्बल गुलाल आजकल बहुत बिक रहा है।”

फैंसी वाटर गन के अलावा हर्बल और रसायन रहित गुलाल की मांग तेजी से बढ़ रही है। खरीदारों का कहना है कि होली में गुणवत्ता और सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। कुछ व्यापारियों की शिकायत है कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन से त्योहारी बिक्री पर असर पड़ा है। कई लोग घर बैठे खरीदारी की सुविधा चुन रहे हैं।

पलटन बाजार में सजे रंग-बिरंगे स्टॉल्स और रोजाना बढ़ती भीड़ को देखते हुए साफ है कि देहरादून पर होली का खुमार चढ़ चुका है। रंगों का त्योहार चार मार्च को मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *