Haridwar: धर्मनगरी हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नोडल अधिकारी शारदीय कांवड़ मेला, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने हरिद्वार स्थित कमलदास कुटिया में मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पूरे मेला क्षेत्र को 09 जोन और 19 सेक्टर में बांटते हुए अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र हरकी पैड़ी, पुलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बम निरोधक दस्ता, जल पुलिस, गोताखोर, एसडीआरएफ और पीएसी की तैनाती की गई है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ियों से विनम्र व्यवहार, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, अतिक्रमण पर सख्ती, अफवाहों पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और किसी भी घटना की तत्काल सूचना कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए गए हैं।हरिद्वार पुलिस का कहना है कि “सुरक्षा भी, सेवा भी” के संकल्प के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शारदीय कांवड़ मेला पूरी तरह सकुशल संपन्न हो सके।
साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि मेले के अंतिम दिनों में जब श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होगी, तब ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को पूरी तरह लागू किया जाएगा।एसएसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है, लेकिन यदि कोई हुड़दंग करता है या यातायात नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।