Gairsain: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण एक बार फिर लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव की गवाह बनने जा रही है। 9 मार्च से भराड़ीसैंण के विधानसभा परिसर में धामी सरकार अपना आगामी बजट पेश करेगी। एक तरफ मुख्यमंत्री इसे ‘सर्वस्पर्शी’ बनाने के लिए जनता के बीच जाकर सुझाव ले रहे हैं, तो दूसरी तरफ विपक्ष ने सत्र की अवधि को लेकर अभी से घेराबंदी शुरू कर दी है।
उत्तराखंड विधानसभा का आगामी बजट सत्र 9 मार्च से गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू होने जा रहा है। ये बजट सत्र 5 दिन तक चलने वाला है यानि की 11 मार्च को विधानसभा में बजट पेश किया जाएगा। बजट सत्र को लेकर शासन तैयारियों में जुट गया है।
इसी बीच, विपक्ष ने सत्र की अवधि को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने मांग की है कि बजट सत्र कम से कम 21 दिनों का होना चाहिए ताकि जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हो सके। आर्य ने विशेष रूप से सोमवार के दिन सदन की कार्यवाही संचालित करने पर जोर दिया है, क्योंकि यह दिन मुख्यमंत्री के विभागों के लिए निर्धारित होता है, जिससे महत्वपूर्ण सवालों के जवाब सीधे मुख्यमंत्री से मिल सकेंगे।