Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की बेटियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘नंदा गौरा योजना’ के तहत 145.93 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। डीबीटी के माध्यम से यह राशि सीधे 33,251 बालिकाओं के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि यह योजना बेटियों के स्वावलंबन और सुरक्षा का सशक्त माध्यम है। योजना के तहत जन्म पर 11 हजार और 12वीं उत्तीर्ण कर उच्च शिक्षा में प्रवेश पर 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। इस वित्तीय वर्ष में सबसे अधिक लाभार्थी ऊधमसिंहनगर और नैनीताल जिले से रहे हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लिखा कि “कैंप कार्यालय में नंदा गौरा योजना के अंतर्गत 33251 लाभार्थी बालिकाओं के खाते में ₹145.93 करोड़ की धनराशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की। हमारी सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि प्रदेश की प्रत्येक बेटी शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बने। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। हम बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक हर कदम पर सहयोग सुनिश्चित कर रहे हैं, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर राज्य और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा सकें।”