Chardham Yatra: चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, यात्रा से पहले रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

Chardham Yatra: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू होंगे। पर्यटन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, सुबह 7 बजे से पंजीकरण वेबसाइट तथा मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध रहेगा। वहीं, 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी।

पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो रही है। 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण करना अनिवार्य है। छह मार्च से पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in व मोबाइल एप tourist care uttarakhand पर पंजीकरण कर सकते हैं।

भारतीय श्रद्धालु आधार कार्ड से पंजीकरण करेंगे, जबकि विदेशी श्रद्धालुओं के लिए ई-मेल आईडी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यात्रा शुरू होने से दो दिन पहले 17 अप्रैल को ऑफलाइन पंजीकरण शुरू किए जाएंगे। ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश, ऋषिकुल मैदान हरिद्वार, विकासनगर में पंजीकरण काउंटर खुलेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रोल फ्री नंबर 0135-1364 पर चौबीस घंटे सेवा उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पंजीकरण के लिए ऋषिकेश में 30 ऑफलाइन काउंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि अन्य स्थानों पर कुल 20 अतिरिक्त ऑफलाइन काउंटर बनाए गए हैं। साथ ही विकासनगर में भी रजिस्ट्रेशन केंद्र स्थापित किए गए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कुल 1800 बसें संचालित की जाएंगी। इनमें से 400 बसें रिजर्व रखी जाएंगी, जबकि प्रतिदिन करीब 130 बसें यात्रियों को लेकर रवाना होंगी।
सरकार का कहना है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अनुमान है कि इस वर्ष भारी संख्या में श्रद्धालु चारधाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचेंगे, जिसे देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *