Chamoli: बारिश का कहर, भूस्खलन से बदरीनाथ और सिमली-ग्वालदम हाईवे बंद, सैकड़ों यात्री फंसे

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें बंद होने लगी हैं। रविवार सुबह बदरीनाथ हाईवे पर बाजपुर के पास भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर गिरने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। चट्टान से लगातार मलबा गिरने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

हाईवे बंद होने से बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जाने वाले यात्री और स्थानीय लोग दोनों तरफ फंस गए हैं। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। वहीं, आज सुबह 11 बजे से होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी भी हाईवे बंद होने से परेशान हैं।

सिमली-ग्वालदम हाईवे भी बंद

चमोली जिले में एक और जगह भूस्खलन के कारण सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) भी बंद हो गया है। नारायणबगड़ और नलगांव के बीच पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान सड़क पर आ गिरी, जिससे दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम मौके पर पहुंच गई। BRO की टीम पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे और बड़े पत्थरों को हटाने में जुटी है। लगातार बारिश और जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण पहाड़ी इलाकों में लोगों और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *