Varanasi: काशी में होली की खुमारी सिर चढ़कर बोल रही है, वाराणसी के नमो घाट पर मस्ती का ऐसा ही रंग देखने को मिला, जहाँ हुरियारों ने पारंपरिक अंदाज में जमकर भांग घोटी और फाग गाए…भले ही देशभर में होली 4 मार्च को है, लेकिन भोले की नगरी में ‘होलियाने’ अंदाज की शुरुआत अभी से हो चुकी है।
घुटती भांग… हारमोनियम पर राग… और ढोलक की थाप… ये मस्ती और अल्हड़पन की तस्वीरें भोलेनाथ की नगरी वाराणसी की है, जहां पर होली का रंग हवा में घुल चुका है। काशी के नमो घाट पर लोग पारंपरिक होली मनाने के लिए इकट्ठा हुए और भांग की छनी हुई स्पेशल ठंडाई पी और जमकर होली के फाग और लोकगीत गाते हुए मस्ती में सराबोर हो गए।
आयोजक राजेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि “नमो घाट पर दिव्य और भव्य होलियाने अंदाज में काशी के सैकड़ों लोग यहां पर उपस्थित होकर राष्ट्र कवियों के साथ मिलकर कवियित्रियों के साथ मिलकर भांग घुटी ठंडाई के मिश्रण का सेवन करके जमकर आज होलियाने अंदाज में मौजमस्ती के साथ होली मनाई ”
लोग यहां पर एक दूसरे पर गुलाल डालते रहे और रंगों की बौछार करते रहे, होली का त्योहार चार मार्च को पूरे देश में मनाया जाएगा, लेकिन कई शहरों में होली की खुमारी अभी से चढ़ने लगी है।