Uttar Pradesh: सर्दियों में सहारनपुर में सुपर सीड्स और ड्राई फ्रूट्स की धूम

Uttar Pradesh: सर्दियों में सहारनपुर में सुपर सीड्स और सूखे मेवों की बढ़ी मांग, सेहत और इम्युनिटी के लिए बन रहे पहली पसंद । जैसे-जैसे सर्दियों का असर बढ़ रहा है, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में सुपर सीड्स, सूखे मेवे और नट्स की मांग तेजी से बढ़ गई है। ठंड से बचाव और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लोग इन्हें अपनी रोजमर्रा की डाइट में शामिल कर रहे हैं।

सहारनपुर के बाजारों में अलसी (फ्लैक्ससीड), कद्दू के बीज, सूरजमुखी के बीज, तरबूज और खरबूज के बीज के साथ-साथ अखरोट, अंजीर और अन्य सूखे मेवों की जमकर खरीदारी हो रही है। व्यापारी बताते हैं कि कोविड-19 महामारी के बाद लोगों में स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता काफी बढ़ी है, जिसके चलते सुपर सीड्स का बाजार अब सिर्फ सर्दियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि साल भर बना रहता है।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार बोर्ड के जिला अध्यक्ष अनित गर्ग का कहना है कि कोरोना के बाद लोगों ने अपनी डाइट पर विशेष ध्यान देना शुरू किया है। चिया सीड्स, सनफ्लावर सीड्स, अलसी, अंजीर और अखरोट गिरी जैसे उत्पाद अब नियमित रूप से खाए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य के प्रति लोगों की सजगता साफ नजर आती है।

थोक विक्रेता चंदन कालरा बताते हैं कि इस समय सर्दियों के कारण सनफ्लावर, पम्पकिन, फ्लैक्ससीड, तरबूज और खरबूज के बीजों की मांग ज्यादा है। लोग इन बीजों को मिक्स करके सेवन कर रहे हैं, क्योंकि इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और ऊर्जा बनी रहती है।

विक्रेता प्रकाश के अनुसार, ये सुपर सीड्स शरीर की ताकत बढ़ाने, आंखों की रोशनी सुधारने और खून की कमी दूर करने में मददगार माने जाते हैं। खासतौर पर जिम जाने वाले युवा इनका ज्यादा सेवन कर रहे हैं, क्योंकि इससे शरीर में एनर्जी और स्टैमिना बढ़ता है।

खरीदारों का भी कहना है कि पहले इन बीजों के फायदों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी, लेकिन अब जागरूकता बढ़ने से लोग इन्हें नियमित रूप से खाने लगे हैं। उनका मानना है कि सुपर सीड्स के सेवन से इम्युनिटी मजबूत होती है और सर्दियों में शरीर लंबे समय तक ऊर्जावान बना रहता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, सुपर सीड्स पाचन सुधारने, दिल और हड्डियों की सेहत बनाए रखने और शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी दूर करने में सहायक होते हैं। यही वजह है कि सर्दियों में ये सेहतमंद विकल्प के तौर पर लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *