Noida: पीएम मोदी 28 मार्च को करेंगे नोएडा हवाई अड्डे का उद्घाटन

Noida: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करने का अनुरोध किया गया है। गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में, सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत इस हवाई अड्डा को विकसित किया जा रहा है।

इस हवाई अड्डे को एक प्रमुख ग्रीनफील्ड परियोजना के तौर पर पेश किया गया है। इसका मकसद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और प्रमुख घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है। जेवर से बीजेपी विधायक धीरेंद्र सिंह का कहना है कि यह हवाई अड्डा इस इलाके की कायापलट कर देगा। उन्होंने कहा कि 2017 में उनके चुने जाने से पहले ये क्षेत्र पूरी तरह से अंधेरे में डूबा हुआ था।

अपने पहले चरण में, हवाई अड्डे पर एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल होगा, जिसकी सालाना यात्री संभालने की क्षमता लगभग एक करोड़ 20 लाख होगी। 1.38 लाख वर्ग मीटर में फैला यह टर्मिनल, 48 चेक-इन काउंटरों, कई सुरक्षा और इमिग्रेशन लेन के साथ-साथ घरेलू और अंतरराष्ट्रीय लाउंज से लैस होगा।

इस हवाई अड्डे पर 10 एयरो-ब्रिज, 28 पार्किंग स्टैंड भी होंगे, और यह प्रति घंटे लगभग 30 उड़ानों को संभालने की क्षमता रखेगा। बेहतर सुविधाएं से लैस ये हवाई अड्डा लंबे वक्त तक काम करे, इस बात पर खास ध्यान देते हुए इस परियोजना में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और इलेक्ट्रिक वाहन के बुनियादी ढांचे को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *