Monalisa Bhosle: प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान मशहूर हुई युवती मोनालिसा भोंसले ने अपने मुस्लिम दोस्त से तिरुवनंतपुरम के पूवर के एक मंदिर में शादी कर ली। इसके कुछ घंटों बाद, उसने परिवार के दबाव से बचने के लिए केरल पुलिस से सुरक्षा मांगी। मनमोहक मुस्कान और खूबसूरत आंखों वाली, इंदौर की ये लड़की तब मशहूर हुई जब एक वर्चुअल कंटेंट क्रिएटर ने पिछले साल कुंभ मेले में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए उसका एक वीडियो शेयर किया।
शादी की रस्म पूवर के अरुमानूर में नैनार मंदिर में केरल के सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीआई(एम) के राज्य सचिव एमवी गोविंदन, राज्यसभा सांसद एए रहीम और दूसरे बड़े नेताओं की मौजूदगी में हुई। दुल्हन ने लाल साड़ी पहनी थी और सिंदूर लगाया था, जबकि दूल्हा जो महाराष्ट्र का एक अभिनेता है, ने सफेद शर्ट और मुंडू (धोती) पहननी थी। बाद में जोड़े ने कहा कि उन्हें केरल बहुत पसंद है और वे यहां शादी करके खुश हैं।
भोंसले ने कहा कि उनके परिवार को उनका रिश्ता पसंद नहीं है और उन्होंने उन पर किसी और से शादी करने का दबाव डाला। उन्होंने कहा, “इसलिए हमने यहां शादी करने का फैसला किया। मैं अब बहुत खुश महसूस कर रही हूं। केरल एक ऐसा राज्य है जो धर्म और जाति से ऊपर उठकर लोगों का साथ देता है। यहां कोई भी अपनी पसंद से शादी कर सकता है और खुशी-खुशी रह सकता है। इसलिए हम यहां आए हैं।”
उन्होंने कहा कि उन्हें मलयालम सिनेमा में ऑफर मिले हैं और वो दक्षिणी राज्य में बसने के बारे में सोच रही हैं। दूल्हे ने कहा कि वो सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने, और ये प्रेम कहानी छह महीने की है।
समारोह में हिस्सा लेते हुए, शिवनकुट्टी ने कहा कि ये राज्य के लिए गर्व का पल है। शिवनकुट्टी ने मीडिया से कहा, “शादी स्वर्ग में होती है, और वो स्वर्ग केरल है। ये असली केरल की कहानी है।” इससे पहले दिन में, भोंसले ने यहां थंपनूर पुलिस स्टेशन पहुंचने के बाद आरोप लगाया कि उनके पिता उन्हें जबरदस्ती उनके गृहनगर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि वो एक फिल्म की शूटिंग के लिए केरल की राजधानी में थी। पुलिस के मुताबिक, भोंसले और उसका प्रेमी फिल्म के क्रू सदस्यों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे और आरोप लगाया कि उसके पिता उसकी मर्जी के खिलाफ उसे वापस ले जाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जोड़ा हाल ही में फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में पास के पूवर में आया था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “उसने (मोनालिसा) जोर दिया कि वो अपने पिता के साथ नहीं जाएगी और ये साफ कर दिया कि वो अपने प्रेमी से शादी करने जा रही है। चूंकि वो बालिग है, इसलिए वो अपनी मर्जी से काम कर सकती है।”
अधिकारी ने बताया कि बाद में वो अपने प्रेमी और क्रू सदस्यों के साथ चली गई। खबर है कि उसके पिता अपने गृहनगर वापस लौट गए।