Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में एक पुरुष और उसकी पत्नी के शव उनके घर में पंखे से लटका हुआ मिला। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से एक कथित आत्महत्या पत्र भी बरामद हुआ है, जिसमें महिला ने लिखा है कि उन्होंने ये कदम अपनी मर्जी से उठाया है और किसी को भी परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
ये घटना चिल्ह क्षेत्र के श्रीपत्ती गांव में घटी, जहां रोहित विश्वकर्मा (27) और उनकी पत्नी सरस्वती विश्वकर्मा (23) एक ही पंखे से साड़ी के सहारे लटके हुए पाए गए।
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी सुबह करीब 10 बजे मिली जब दंपति ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। रोहित के छोटे भाई ने बार-बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर उसने खिड़की से झांककर शोर मचाया।
परिवार के सदस्यों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दोनों को लटका हुआ पाया। चिल्ह पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि दंपति घर की ऊपरी मंजिल पर रहते थे, जबकि रोहित के पिता और भाई निचली मंजिल पर रहते थे।
पुलिस ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे।