Makar Sankranti उत्तर प्रदेश में आज मकर संक्रांति का त्योहार मनाया जा रहा है. इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु तड़के सुबह गंगा स्नान के लिए घर से निकल पड़े. वहीं गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में स्नान दान किया. उधर, प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में इस बार मकर संक्रांति स्नान पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है. ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. मेला प्रशासन ने 13 जनवरी से ही चार पहिया वाहनों की एंट्री बैन कर दी है. मेला प्रशासन का अनुमान है कि मकर संक्रांति स्नान पर्व पर 2 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा सकते है।
मकर संक्रांति के पावन अवसर पर महराजगंज के चौक स्थित मिनी गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व सैलाब देखने को मिला है. दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु समेत नेपाल के हज़ारों लोग खिचड़ी चढ़ाने और भगवान गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन करने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर में जुटने लगे और खिचड़ी चढ़ाते हुए दिखाई दिए. भक्तों की आस्था और श्रद्धा का यह नजारा पूरे क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक माहौल का संचार कर रहा था.