Kanpur Dehat: कानपुर देहात के अकबरपुर तहसील क्षेत्र में लगभग 1800 की आबादी वाला भंवरपुर गांव रिंनद नदी के किनारे बसा है, गांव के ज्यादातर किसानों के खेत नदी के दूसरी ओर हैं। गांव वालों को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए हर दिन नदी पार करनी पड़ती है। नदी पर पुल ना बने होने से करीब 10 से 12 किमी का अधिक रास्ता रोज तय करना पड़ता है। नदी पार करने के लिए वह 12 किमी दूर कारी गांव से होकर जाते हैं।
गांव वालों ने कई बार इस पुल के निर्माण मांग की थी। बावजूद इसके प्रशासन और क्षेत्र के नेताओं का ध्यान इस समस्या पर नहीं गया।
आखिर में थक हार कर गांववालों ने खुद ही अपनी समस्या का हल निकाला। चंदा इकट्टा कर उन्होंने बांस-बल्ली से अस्थायी पुल बनाया। यह अस्थायी पुल अब ग्रामीणों के लिए जीवन रेखा बन गया है। लेकिन यह पुल बेहद असुरक्षित है, खासकर बारिश के मौसम में जब जलस्तर बढ़ जाता है।
उत्तर प्रदेश राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने आखिरकार ग्रामीणों की दुर्दशा पर ध्यान दिया और गांव का दौरा किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुल निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र ही संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। ग्रामीण को आशा कर रहे हैं कि निकट भविष्य में उन्हें स्थायी पुल मिल जाएगा।