U19 World Cup: भारत ने अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान को दिया 253 रन का लक्ष्य

U19 World Cup:  हरफनमौला कनिष्क चौहान और खिलान पटेल के बीच 50 रन की तेज तर्रार साझेदारी से भारत ने रविवार को यहां आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के सुपर सिक्स मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 252 रन बनाये।

कनिष्क (29 गेंदों में 35 रन) और खिलान (15 गेंदों में 21 रन) ने महज 5.1 ओवर में 50 रन जोड़े और पारी के अंत में तेजी से रन जुटाये।

इससे पहले वेदांत त्रिवेदी ने 98 गेंदों में संयमित 68 रन की पारी खेलकर टीम को ठोस आधार दिया था। पाकिस्तान के लिए अब्दुल सुभान ने तीन जबकि मोहम्मद सय्याम ने दो विकेट लिये जिससे भारतीय पारी 49.5 ओवर में सिमटी।

पाकिस्तान को भारत से बेहतर नेट रन रेट हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए 33.3 ओवर में लक्ष्य हासिल करना होगा (या 34.3 ओवर में 258 रन तक पहुंचना होगा)। पाकिस्तान ने अगर इसके बाद लक्ष्य हासिल किया तो भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।

वैभव सूर्यवंशी (22 गेंदों में 30 रन) ने पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाई लेकिन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सय्याम के खिलाफ जीवनदान मिलने के बावजूद वह लगातार दूसरी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए। कप्तान आयुष म्हात्रे (0) का युवा वनडे में खराब दौर जारी रहा और वह पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट हो गए।

वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज आरोन जॉर्ज (16) को लंबे कद के तेज गेंदबाज सुभान ने चलता किया। सुभान ने अपने कद का फायदा उठाते हुए असहज उछाल हासिल कर बल्लेबाजों को परेशान किया।

विहान मल्होत्रा (21) ने 47 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाने के बाद वेदांत के साथ चौथे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला।

हालांकि पिच की धीमी गति के कारण शॉट खेलना मुश्किल रहा और वेदांत समेत शीर्ष क्रम का कोई भी बल्लेबाज रन गति नहीं बढ़ा सका।

दाएं हाथ के बल्लेबाज वेदांत ने 98 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया, लेकिन बाएं हाथ के कलाई स्पिनर मोमिन कमर की फुल-टॉस गेंद पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। खिलान और कनिष्क ने आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर टीम को 250 रन के पार पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *