Patna: भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज ईशान किशन अपने गृहनगर पटना पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ, उन्होंने टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
ईशान की मैदान पर वापसी काफी प्रेरणादायी रही जो कुछ महीने पहले तक राष्ट्रीय टीम की योजनाओं का हिस्सा भी नहीं थे।
बाएं हाथ के इस खिलाड़ी ने रविवार को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में अर्धशतक लगाने से पहले मुश्किल विकेट पर पाकिस्तान के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेली थी।
ईशान को फाइनल से पहले एक हादसे में अपनी चचेरी बहन की मौत के सदमे को भी बर्दाश्त करना पड़ा। पटना पहुंचने पर ईशान ने कहा कि टीम भविष्य में और खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है।
घरेलू क्रिकेट में पड़ोसी राज्य झारखंड के लिए खेलने वाले ईशान ने कहा, ‘‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। टीम इंडिया जीत गई है। ये ना सिर्फ हमारे लिए बल्कि पूरे देश के लिए शानदार पल है। मुझे उम्मीद है कि हम आगे भी खेलते रहेंगे और जीतेंगे।”
उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि अगर मैं अच्छा प्रदर्शन करता हूं तो इससे युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी। मैं हमेशा युवाओं को बढ़ावा देने की कोशिश करता हूं।’’