PAK vs NED: फहीम अशरफ ने 5 गेंद में बदला मैच का रूख, पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराया

PAK vs NED: पाकिस्तान टीम के निचले क्रम के बल्लेबाज फहीम अशरफ के 11 गेंद में 29 रन की मदद से टीम ने टी20 विश्व कप के पहले मैच में शनिवार को नीदरलैंड्स को तीन विकेट से हराया। जीत के लिए 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान का स्कोर दस ओवर के बाद दो विकेट पर 90 रन था लेकिन इसके बाद उसने लगातार विकेट गंवाएं।

एक समय 16.1 ओवर में सात विकेट पर स्कोर 114 रन था और उसे जीत के लिये 34 रन की जरूरत थी। आखिरी दो ओवर में पाकिस्तान को 29 रन चाहिए थे। अशरफ ने लोगान वान बीक की गेंद पर तीन छक्के और एक चौका लगाया और आखिरी ओवर में चौका जड़कर मैच तीन गेंद बाकी रहते पाकिस्तान के नाम किया।

इससे पहले ओडाउड ने अशरफ का कैच 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर छोड़ा था जब वे सात रन पर थे। नीदरलैंड्स को इस कैच के छूटने की भारी कीमत चुकानी पड़ी। टी20 विश्व कप से पहले मैदान के बाहर की सुर्खियों ने पाकिस्तान की तैयारी को प्रभावित किया।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मैच नहीं खेलने का फैसला किया है। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने 31 गेंद में सर्वाधिक 47 रन बनाये जबकि सलामी बल्लेबाज सईम अयूब ने 13 गेंद में 24 रन का योगदान दिया। बाबर आजम 18 गेंद में 15 रन ही बना सके।

पॉल वान मीकेरेन ने 12वें ओवर में फरहान और उस्मान खान (0) को आउट किया और 13वें ओवर में बाबर भी चले गए। पाकिस्तान का स्कोर इस समय पांच विकेट पर 100 रन था। आखिरी पांच ओवर में पाकिस्तान को 37 रन चाहिये थे लेकिन अनुभवी काइल क्लेन ने 16वें ओवर में मोहम्मद नवाज (छह) को पवेलियन भेजा।

आखिरी चार ओवर में पाकिस्तान को 34 रन की जरूरत थी जब शादाब खान भी अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद अशरफ ने टीम को संकट से निकाला। इससे पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई नीदरलैंड्स टीम ने छठे ओवर में 14 रन निकालकर पावरप्ले के छह ओवरों में दो विकेट पर 50 रन बना लिए थे लेकिन आखिर में पूरी टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर आउट हो गई।

पाकिस्तान के लिए सलमान मिर्जा ने 24 रन देकर तीन विकेट लिए। नीदरलैंड्स ने दस ओवर में तीन विकेट पर 79 रन बना लिये थे जिसमें 12 चौके और एक छक्का शामिल था। कप्तान स्कॉट एडवडर्स (29 गेंद में 37 रन) और तीसरे नंबर पर उतरे बास डि लीडे (25 गेंद में 30 रन) के बीच चौथे विकेट के लिये 40 रन की साझेदारी की बदौलत एक समय लगा कि नीदरलैंड्स 150 के ऊपर का स्कोर बनाएगा।

नीदरलैंड्स ने 12 . 1 ओवर में तीन विकेट पर 100 रन बना लिए थे। इसके बाद हालांकि पाकिस्तानी गेंदबाजों ने दबाव बना लिया। एक समय 12 . 3 ओवर में तीन विकेट पर 105 रन से स्कोर 16 . 4 ओवर में सात विकेट पर 129 रन हो गया।

मोहम्मद नवाज ने 13वें ओवर में डि लीडे को आउट किया जिसके बाद से बल्लेबाजी क्रम बिखर गया। अबरार अहमद ने 16वें ओवर में एडवडर्स को पवेलियन भेजा। बायें हाथ के आफ स्पिनर सईम अयूब ने लोगान वान बीक (0) और जाक लायन कैचे (9) को 17वें ओवर में तीन गेंदों के भीतर आउट किया। सईम ने सात रन देकर दो विकेट लिये जबकि नवाज ने 38 और अबरार ने 23 रन देकर दो दो विकेट चटकाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *