IPL 2026: केकेआर को लगा दूसरा बड़ा झटका, चोट के कारण आईपीएल से बाहर हुए आकाश दीप

IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाजी आक्रमण को दूसरा बड़ा झटका लगा है। आकाश दीप पीठ के निचले हिस्से में में ‘स्ट्रेस रिएक्शन’ के कारण कम से कम आठ सप्ताह के लिए मैदान से बाहर हो गए हैं। इस चोट ने उन्हें न केवल इंडियन प्रीमियर लीग से बाहर कर दिया है, बल्कि जून में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले इकलौते टेस्ट मैच में उनके खेलने पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिया है।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया, “आकाश दीप की पीठ के निचले हिस्से में फिर से स्ट्रेस रिएक्शन हो गया है। इसे ठीक होने में आठ से 12 हफ्ते लग सकते हैं। वे आईपीएल नहीं खेलेंगे और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच के लिए चुने जाने की संभावना भी बहुत कम है।”

29 साल के पश्चिम बंगाल के गेंदबाज को आखिरी बार जम्मू कश्मीर के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में देखा गया था। वे पूरी तरह फिट नहीं दिख रहे थे। उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 13 और दूसरी पारी में सात से भी कम ओवर फेंके थे।

फिलहाल वे बेंगलुरू के बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। बताया गया है कि वर्कलोड अनुकूलन और ‘रिटर्न टू प्ले’ प्रोटोकॉल को देखते हुए उनकी रिकवरी में लगभग 10 सप्ताह या उससे ज्यादा समय लग सकता है।

तीन बार की चैंपियन केकेआर के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आकाश दीप से पहले भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा और 18 करोड़ रुपये के श्रीलंकाई खिलाड़ी मथीशा पथिराना भी चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं। फिलहाल केकेआर के पास भारतीय विकल्प हैं: वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, उमरान मलिक (चोट से वापसी कर रहे हैं)।

टीम प्रबंधन ने आकाश मधवाल, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, केएम आसिफ और संदीप वारियर जैसे अनुभवी गेंदबाजों का ट्रायल लिया है। इनमें आकाश मधवाल ने 2023 के एलिमिनेटर में मुंबई इंडियंस के लिए पांच रन देकर पांच विकेट झटके थे। रेस में वे सबसे आगे दिख रहे हैं।

कोच अभिषेक नायर ने कहा कि वे मुंबई में 29 अप्रैल को होने वाले पहले मैच से पहले रिप्लेसमेंट की घोषणा कर देंगे। टीम 25 अप्रैल को मुंबई के लिए रवाना होगी। हालांकि, टीम के मेंटर ड्वेन ब्रावो इन झटकों से चिंतित नहीं हैं। उन्होंने कहा, “किसी भी टूर्नामेंट में मुख्य गेंदबाजों को खोना योजना का हिस्सा नहीं होता, लेकिन आपको इसे स्वीकार करना पड़ता है। भारतीय क्रिकेट की अच्छी बात ये है कि यहां कई प्रतिभाएं हैं। हमारे पास उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और वैभव अरोड़ा जैसे युवा खिलाड़ी हैं। मुझे विश्वास है कि हमारे पास इन कमियों को भरने के लिए पर्याप्त विकल्प मौजूद हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *