IPL 2026: आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के 2026 सीजन के आगाज से पहले ही राजस्थान रॉयल्स को बड़ा झटका लगा है। टीम में शामिल इंग्लैंड के करिश्माई ऑलराउंडर सैम करन, कमर के निचले हिस्से में चोट की आशंका की वजह से पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी उनके विकल्प तलाश रही है।
करन इंग्लैंड की उस टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे जिसे हाल ही में सेमीफाइनल में भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान रॉयल्स ने सैम करन और रवींद्र जडेजा को चेन्नई सुपरकिंग्स से ट्रेड किया था।इसके बदले में सीएसके को विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन मिले थे।
27 साल के ऑलराउंडर सैम करन आईपीएल में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेल चुके हैं। आईपीएल 2023 की नीलामी में वे 18.50 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत के साथ सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा था। हालांकि अब उनके चोट की वजह से बाहर होने से राजस्थान रॉयल्स की टीम को ऑलराउंडर की कमी खलेगी।
सैम करन आईपीएल के 2020 और 2021 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते दिखे। पिछले सीजन से पहले वे 2.4 करोड़ रुपये में टीम में फिर से शामिल हुए। चेन्नई फ्रेंचाइजी के लिए उन्होंने 2025 के अभियान का समापन पांच मैचों में 114 रन और एक विकेट के साथ किया।
राजस्थान रॉयल्स करन की जगह लेने के लिए कई विकल्पों पर विचार कर सकती है। जडेजा के अलावा, फ्रेंचाइजी के पास ऑलराउंडर डोनोवन फरेरा भी हैं। वे जोरदार शॉट लगाने वाले बल्लेबाज होने के साथ-साथ अपनी उपयोगी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान दे सकते हैं।