IND w vs AUS w: ऑस्ट्रे्लिया के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पहले मुकाबले में हार पर ऑलराउंडर काशवी गौतम का मानना है कि ऑस्ट्रेलिया के हाथों छह विकेट से मिली पहली वनडे हार में टीम पारी का बेहतर अंत नहीं कर पाई। इस हार के साथ मेजबान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली है।
बल्लेबाजी में भारत का प्रदर्शन साधारण रहा और स्मृति मंधाना (68 गेंदों में 58 रन) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (84 गेंदों में 53 रन) के शानदार अर्धशतकों के बावजूद टीम 214 रनों पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान एलिसा हीली (70 गेंदों में 50 रन) और बेथ मूनी (79 गेंदों में 76 रन) के अर्धशतकों की बदौलत मामूली लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया।
काशवी गौतम ने 44 गेंदों में 43 रन बनाए। मैच के बाद मीडिया से बातचीत में काशवी ने कहा कि “मुझे लगता है कि हमने अच्छा खेला, लेकिन रन बनाने में नाकाम रहे। अगर हम आखिरी कुछ ओवरों में और ज्यादा योगदान दे पाते तो मैच का नतीजा बदल सकता था। गेंदबाजी करते समय हम विकेट लेना चाहते थे, जो हम नहीं कर पाए। कुल मिलाकर यह एक अच्छा मैच था, हम इससे सीखेंगे और आगे बढ़ेंगे।”
मौजूदा वनडे चैंपियन शुक्रवार को खेले जाने वाले दूसरे मैच में वापसी करके सीरीज में अपनी उम्मीदें बरकरार रखना चाहती हैं। उन्होंने आगे कहा, “हम वापसी करेंगे, कुछ कमियों पर हमें काम करने की जरूरत है और एक हार से हम खराब टीम नहीं बन जाते, बस हमें आगे बढ़ना है और वापसी करनी है।”