Vaishno Devi: मार्च का महीना अभी शुरू ही हुआ है, लेकिन उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने अभी से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू कश्मीर का रियासी जिला भी इससे अछूता नहीं है।
कटरा में माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी और लू से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
कटरा के ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी रशपाल बालोतरा ने कहा कि “देखिए यह अंदेशा कि इस साल गर्मियां बहुत ज्यादा होंगी ये काफी पहले ही हमारी मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ और फैमिली वेलफेयर से हमें आ गया था और उसी के तहत एक नेशनल प्रोग्राम है हमारा नेशनल एनपीसीसीएचएच जिसके तहत हमें ये गाइडलाइंस दी गई थीं कि हर हॉस्पिटल में सीएचसी (कम्युनिटी हेल्थ सेंटर) लेवल पर एक हीट स्ट्रोक रूम जो है वो आपने अलग से बनाना है और उसकी एक गाइडलाइंस तय की गई हैं। उसके अंदर जितनी भी गाइडलाइंस उन्होंने हमें इश्यू करी थीं वो सारी गाइडलाइंस जैसे की आइस पैक, टब, रेक्टल थर्मामीटर। वो सब हमारे पास यहां सुविधाएं मौजूद हैं”
कटरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों ने माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी के साथ आएं। उन्होंने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हल्के सूती कपड़े पहनें, ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं और यात्रा शुरू करने से पहले अच्छा खाना खाएं, ताकि रास्ते में कोई परेशानी न हो।