Jammu: जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव, लंबी लाइनें वोटिंग के लिए लोगों ने खुशी जाहिर की

Jammu: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम विधानसभा सीट से सीपीआई (एम) के उम्मीदवार मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने कहा कि वोटरों की लंबी लाइन वोट डालने के लिए उनके उत्साह को दिखाती हैं। जम्मू कश्मीर में लंबे समय के बाद विधानसभा चुनाव होने की वजह से लोग खुश हैं।

मोहम्मद यूसुफ तारिगामी कुलगाम से लगातार पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं, विधानसभा चुनाव के पहले फेज के लिए बुधवार सुबह वोटिंग शुरू हो गई। वोटिंग सेंटरों पर काफी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। जम्मू कश्मीर में कुल 24 विधानसभा सीटों पर वोटिंग है। जम्मू के तीन जिलों में आठ और कश्मीर के चार जिलों में 16 सीटें हैं। 90 इंडीपेंडेंट समेत 219 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं और वोटर 23 लाख से ज्यादा हैं।
अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू कश्मीर में ये पहला विधानसभा चुनाव है।

पहले फेज में जहां वोटिंग है, उनमें अनंतनाग की सात, पुलवामा की चार, किश्तवाड़, कुलगाम और डोडा की तीन-तीन और रामबन और शोपियां जिले की दो-दो सीटें शामिल हैं। आज पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डीएच पोरा, कुलगाम, देवसर, दोरू, कोकेरनाग (एसटी), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-अनंतनाग पूर्व, पहलगाम, इंदरवाल, किश्तवाड़, पैडर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल में वोटिंग है।

सीपीआई (एम) उम्मीदवार एम. वाई. तारिगामी ने कहा कि “हमारे इलाके में, इस कॉन्सटिट्यूएंसी में जहां तक रूझान का ताल्लुक है, वो तो आपको लंबी कतारें नजर आएंगी बहुत सारी जगहों पे, जबकि ये सुबह का समय है। जोशो-खरोश है वोटर्स हैं में, वो इस लिहाज से भी कि छह साल, 2018 में असेंबली भंग हुई थी और उसके बाद आज तक असेंबली नहीं थी। यहां असेंबली नहीं रही है इतने साल और अब जब मौका मिला, तो लाजिमी तौर पर लोगों में काफी उम्मीद भी है, जोश भी है, वो चाहते हैं कि इस मौके का पूरा-पूरा फायदा मिले आवाम को, जम्हूरियत को और इस वजह से जोश नजर आता है और लोग सवेरे-सवेर निकलने लगे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *