Elections: असम, केरल और पुदचेरी में आज विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। इसके साथ ही तीन राज्यों की चार सीट पर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतदान जारी है। जिसमें कर्नाटक की दो सीट, त्रिपुरा और नगालैंड की एक-एक सीट शामिल हैं।
- कर्नाटक– बगलकोट, देवानगरी साउथ
- त्रिपुरा– धर्मनगर
- नागालैंड- कोरिडांग-एसटी
कर्नाटक के बागलकोट और दावनगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों के लिए मतदान शुरू होने के पहले दो घंटों में, मतदान प्रतिशत 11.87 प्रतिशत और 9.01 प्रतिशत रहा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच.वाई. मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण दो निर्वाचन क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ।जहां कांग्रेस के सामने दोनों सीटों को बरकरार रखने की चुनौती है। वहीं भाजपा इन सीटों को छीनकर सत्तारूढ़ पार्टी को झटका देने का लक्ष्य बना रही है, जो वर्तमान में नेतृत्व को लेकर आंतरिक सत्ता संघर्ष से जूझ रही है।
त्रिपुरा की सीट के बारे में जानेें
उत्तर त्रिपुरा जिले की धर्मनगर विधानसभा सीट पर मतदान जारी है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र के सभी 55 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
वहीं नगालैंड में कोरीडांग विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान सुबह से जारी है। दरअसल, चुनाव से संबंधित हिंसा की घटना में एक व्यक्ति की मौत होने के बाद मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है। पिछले साल 11 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और इस सीट से विधायक इम्कोमग एल. इम्चेन (75) के निधन के कारण यह उपचुनाव हो रहा है। इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं।