Assam: भूपेन बोरा ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, सीएम हिमंता बोले- बीजेपी के दरवाजे खुले हैं

Assam: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के दरवाजे उनके लिए खुले हैं। सरमा ने ये भी कहा कि अगर बोरा बीजेपी में शामिल होते हैं तो वे उन्हें किसी ‘‘सुरक्षित सीट’’ से चुनाव जितवाने की कोशिश करेंगे।

बोरा ने आज सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजा, जिससे असम विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस अध्यक्ष को भेजे अपने त्यागपत्र में उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें उपेक्षित किया जा रहा है और राज्य इकाई में उन्हें उनका हक नहीं दिया जा रहा है।

बोरा 2021 से 2025 तक असम कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष थे और पिछले साल उनकी जगह गौरव गोगोई को असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान सौंप दी गई। वे असम में दो बार विधायक रह चुके हैं।

सरमा ने कहा कि बोरा कांग्रेस में ऐसे ‘‘आखिरी हिंदू नेता’’ हैं जिनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीति की नहीं है। सरमा ने विधानसभा के बाहर पत्रकारों से कहा, ‘‘उनके इस्तीफे से ये प्रतीकात्मक संदेश मिलता है कि कांग्रेस में किसी सामान्य परिवार का व्यक्ति तरक्की नहीं कर सकता। कांग्रेस आम परिवारों के लोगों को मान्यता नहीं देती। मैं एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से हूं लेकिन बीजेपी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया है। हम कुलीन वर्ग की राजनीति के खिलाफ खड़े हैं।’’

सरमा ने कहा कि वे कल शाम बोरा के आवास पर जाएंगे और उनकी भविष्य की योजनाओं पर बातचीत करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बोरा ने अभी तक मुझसे या बीजेपी से संपर्क नहीं किया है और फिलहाल हमारा उनसे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई संपर्क नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं तो हम उनका स्वागत करेंगे लेकिन अगर वे ऐसा नहीं चाहते, तो हम उन्हें शुभकामनाएं देंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *