AI Summit: भारत मंडपम में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं ने आज प्रदर्शन किया। एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर इन कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध किया और पीएम मोदी के खिलाफ नारे लगाए. इन कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया. हंगामे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. भाजपा ने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि ऐसे मंच पर देश को शर्मसार किया जा रहा है।
भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उग्र प्रदर्शन किया। दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक कार्यकर्ताओं ने भारत और अमेरिका के बीच समझौते के खिलाफ नारेबाजी भी की।
प्रदर्शनकारियों को भारत मंडपम से पकड़कर पुलिस तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन ले गई है, युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे. वे सफेद टी-शर्ट पहने या पकड़े हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं. इन टी-शर्ट पर ‘इंडिया यूएस ट्रेड डील’, ‘एपस्टीन फाइल्स’ और ‘पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड’ जैसे नारे लिखे थे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने टी-शर्ट भी उतार दी. उनके विरोध प्रदर्शन के चलते वहां अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और कुछ प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
AI Summit में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन..#AISummit #Youthcongress #NationalStudents #Rahulgandhi @IYC @INCIndia pic.twitter.com/Ty4TdY7Hao
— Tikhee Mirchi (@tikhee_mirchi) February 20, 2026
बीजेपी ने बताया देश का अपमान-
इस प्रदर्शन के बाद भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया है, भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रदर्शन की योजना किसी आम कार्यकर्ता ने सड़क पर नहीं बनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रदर्शन की योजना राहुल गांधी के निवास पर बनाई गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा भी वहां मौजूद थे।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेताओं के नाम बताते हुए कहा कि इनमें से कोई सचिव और कोई अध्यक्ष है। ये छोटे कार्यकर्ता नहीं हैं। ये बड़े पदों पर आसीन कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ये सभी लोग यूं ही भारत मंडपम में नहीं घुसे। इन्होंने रजिस्ट्रेशन पहले ही कराया था। योजनाबद्ध तरीके से ये बार कोड लेकर अंदर घुसे और इन्होंने अंदर टीशर्ट उतार कर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ये प्रयोग है, संयोग नहीं।
संबित पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश के सबसे बड़े गद्दार हैं। उन्होंने कहा कि रंग में भंग डालना इनका काम है। उन्होंने कहा कि जहां देश में खुशियों के रंग छाएंगे, ये उसमें भंग जरूर डालेंगे। उन्होंने राहुल गांधी को गद्दार बताते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर होगा, प्रश्न उठाया जाएगा। पाकिस्तान का गुणगान होगा, हिंदुस्तान की कमी निकालेंगे। एयरस्ट्राइक होगी, हिंदुस्तान का धिक्कार करेंगे और राहुल गांधी पाकिस्तान की जय-जयकार करेंगे।
उन्होंने कहा कि यही वो गद्दार है, जो सर्जिकल स्ट्राइक होने पर खून की दलाली कहता है और पूरी दुनिया में भारत को अपमानित और बदनाम करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए मेरे पास केवल तीन शब्द हैं- टॉपलेस, ब्रेनलेस और शेमलेस। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास इतना भी विवेक नहीं है कि वो समझ सके कि एआई समिट भाजपा का नहीं देश का कार्यक्रम है।
भाजपा ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘राष्ट्रीय शर्म की बात है। ऐसे समय में जब भारत एक प्रतिष्ठित वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, प्रौद्योगिकी में अपने नवाचार और नेतृत्व का प्रदर्शन कर रहा है, कांग्रेस पार्टी ने गरिमा के बजाय व्यवधान को चुना। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समिट में कपड़े उतार दिए और कार्यक्रम स्थल पर हंगामा किया। यह स्पष्ट रूप से भारत को विश्व मंच पर शर्मिंदा करने के लिए किया गया एक कृत्य था।’
भाजपा ने कहा, ‘जब देश खुद को एक वैश्विक प्रौद्योगिकी महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का प्रयास कर रहा है, तो ऐसा आचरण केवल उन लोगों के हितों की पूर्ति करता है जो भारत को लड़खड़ाते हुए देखना चाहते हैं। राजनीतिक विरोध एक लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं। भारत बेहतर का हकदार है।’
राहुल गांधी और कांग्रेस सबसे बड़े 'गद्दार'- संबित पात्रा…#Rahulgandhi #SambitPatra #Aiimpact #AISummit #Youthcongress @BJP4India @sambitswaraj pic.twitter.com/xWPOmAhQ2f
— Tikhee Mirchi (@tikhee_mirchi) February 20, 2026