West Bengal : पूर्व TMC विधायक आशीष बनर्जी का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

West Bengal : पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पांच बार विधायक रहे आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित उनके घर के पास बने TMC कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आशीष बनर्जी TMC के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। वह बीरभूम जिले की रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे। उन्होंने 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आशीष बनर्जी को ममता बनर्जी का करीबी नेता माना जाता था। ममता बनर्जी के सत्ता में आने के बाद वह राज्य सरकार में शिक्षा और कृषि मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *