Stock Market: आरबीआई की मौद्रिक घोषणाओं से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 266 अंक चढ़ा

Stock Market: भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा उम्मीदों के अनुरूप नीतिगत ब्याज दरों को स्थिर रखने के बाद, शुक्रवार को बाजार के अंतिम समय में हुई खरीदारी के समर्थन से सेंसेक्स और निफ्टी जैसे शेयर सूचकांकों में तेजी देखी गई। केंद्रीय बैंक ने यह भी प्रस्ताव रखा कि बैंकों को कुछ विवेकपूर्ण सुरक्षा उपायों के साथ ही रीट यानी रियल एस्टेट इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट को कर्ज देने की मंजूरी दी जाए। इसका मकसद रियल एस्टेट क्षेत्र में वित्तपोषण को बढ़ावा देना है।

आरबीआई ने अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया। केंद्रीय बैंक की छह-सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। इसके साथ ही रिजर्व बैंक ने अपना तटस्थ मौद्रिक रुख भी कायम रखा, जिससे संकेत मिलता है कि फिलहाल दरों में बदलाव की संभावना कम है।

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 266 अंक चढ़कर 83,580 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी लगभग 51 अंक बढ़कर 25,693 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, अडाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स और इटरनल लिमिटेड के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।

क्षेत्रीय स्तर पर, एफएमसी, दूरसंचार, उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुएं, निजी क्षेत्र के बैंक और वित्तीय सेवा क्षेत्र के शेयरों ने बाजार को रफ्तार दी। जबकि आईटी, स्वास्थ्य सेवा, ऑटो और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकिंग शेयरों ने बाजार को नीचे खींच लिया। एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई बढ़त के साथ जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजार शुक्रवार को ज्यादातर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वॉल स्ट्रीट गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। विदेशी संस्थागत निवेशक गुरुवार को शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 2,150 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *