Meghalaya: मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के सुदूर थांगस्कू क्षेत्र में एक अवैध खदान से एक और शव बरामद किया गया। इससे गुरुवार को हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।
घटनास्थल पर बचाव अभियान फिलहाल जारी है। इस काम में मदद के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की दो टीमें, विशेष बचाव दल की एक टीम और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की तीन टीमें तैनात की गई
हैं। अवैध खदान में कई और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
मेघालय सरकार के मंत्री बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। सरकार के मुताबिक, विस्फोट के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।
मेघालय उच्च न्यायालय ने इस घटना से संबंधित मीडिया रिपोर्टों का स्वतः संज्ञान लेते हुए पूर्वी जयंतिया हिल्स के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को अवैध खनन में शामिल खदान मालिकों और संचालकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। इस हादसे ने राज्य में अवैध कोयला खनन के मुद्दे को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।