LPG Price: घरेलू एलपीजी सिलेंडर 60 रुपये महंगा, कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़े

LPG Price: पश्चिम एशिया संघर्ष की वजह से देश में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 7 मार्च से बढ़ोतरी कर दी गई है। देश भर में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) की वेबसाइट के अनुसार, बिना सब्सिडी वाला LPG, जिसे उज्ज्वला लाभार्थियों के अलावा आम घरेलू उपभोक्ता अपनी रसोई में इस्तेमाल करते हैं, अब दिल्ली में 14.2 किलो के सिलेंडर की कीमत 913 रुपये होगी। जबकि पहले यह 853 रुपये थी। एक साल से भी कम समय में कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है।

उद्योग से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष की वजह से वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेज वृद्धि के बाद हुई है। उन्होंने कहा कि कीमत बढ़ने के बावजूद, भारत में कुकिंग गैस की कीमत पड़ोसी देशों की तुलना में सबसे कम है।

वेबसाइट के अनुसार, कीमत में यह बढ़ोतरी सात मार्च से लागू है। 11 महीनों में कीमतों में यह दूसरी बार बढ़ोतरी है। पिछली बार पिछले साल अप्रैल में कीमतों में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। IOC की वेबसाइट के अनुसार, मुंबई में बिना सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर की कीमत अब 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये है।

हर राज्य में दरें अलग-अलग होती हैं। यह स्थानीय बिक्री कर या वैट की दर पर निर्भर करता है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थी, यानी 10 करोड़ से ज्यादा गरीब लोग जिन्हें 2016 में स्कीम शुरू होने के बाद से मुफ्त LPG कनेक्शन मिले हैं, उन्हें साल में 12 बार रिफिल के लिए 14.2 किलो के सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी।

होटल और रेस्टोरेंट जैसी जगहों पर इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में इजाफा हुआ है। अब 19 किलो के सिलेंडर के लिए 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में इसकी कीमत 1,883 रुपये है। यह बढ़ोतरी एक मार्च को 19 किलो के सिलेंडर के लिए 28 रुपये की बढ़ोतरी के बाद हुई है। इस साल अब तक कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम 302.50 रुपये बढ़ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *