Karnataka: कर्नाटक उप-चुनाव, सुबह नौ बजे तक बागलकोट में 11.87 फीसदी और दावणगेरे दक्षिण में 9.01 फीसदी मतदान

Karnataka: कर्नाटक में बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में उप-चुनाव के लिए सुबह मतदान शुरू होने के बाद पहले दो घंटों में मतदान प्रतिशत 11.87 प्रतिशत और 9.01 प्रतिशत रहा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि बागलकोट विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच. वाई. मेती और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के कारण चुनाव कराना जरूरी हो गया था।

मतगणना चार मई को होगी। मतदान सुबह सात बजे से जारी है। कांग्रेस के सामने जहां दोनों सीट को बरकरार रखने की चुनौती है वहीं बीजेपी का इरादा इन सीट को सत्तारूढ़ पार्टी से छीनकर उसे झटका देना है जो वर्तमान में नेतृत्व को लेकर ‘‘आंतरिक सत्ता संघर्ष’’ से जूझ रही है।

बागलकोट में 319 मतदान केंद्रों पर 2.59 लाख से अधिक मतदाता वोट डालने के लिए पात्र हैं। इस सीट पर नौ उम्मीदवार मैदान में हैं। दावणगेरे दक्षिण में 284 मतदान केंद्रों पर 25 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और 2.31 लाख से अधिक मतदाता मतदान के लिए पात्र हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उप-चुनाव के सुचारू संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बीजेपी ने पूर्व विधायक और 2023 में पराजित उम्मीदवार वीरभद्रय्या चरंतिमठ को बागलकोट से और एक नया चेहरा श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को दावणगेरे दक्षिण से मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में दिवंगत विधायकों के परिवार के सदस्यों को टिकट दिया है। बागलकोट से कांग्रेस उम्मीदवार उमेश मेती, एच. वाई. मेती के पुत्र हैं, जबकि दावणगेरे दक्षिण से उम्मीदवार समर्थ मल्लिकार्जुन, शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *