Holi 2026: रंगों का त्योहार होली अब नजदीक है, ऐसे में उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के बाजार त्योहार की रौनक से गुलजार हैं। रंगों, पिचकारियों और त्योहार की दूसरी ज़रूरी चीज़ों के साथ-साथ, खास तौर पर डिज़ाइन किए गए होली के कपड़े भी नजर आ रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले चार-पांच सालों में होली के कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ी है। उनके मुताबिक सोशल मीडिया इस ट्रेंड को बढ़ावा दे रहा है क्योंकि त्योहारों पर फोटो शूट करवाना खास चलन बन गया है।
उपाध्यक्ष हिरण माराण व्यापार एकता संगठन मुरारी लाल मदान ने बताया कि “होली में आजकल डिफरेंट कलर की, डिफरेंट तरह की इमजेस, अलग-अलग तरह की डिमांड निकली हुई है। पिछले दो-तीन साल से ज्यादा चलन हो रहा है इसका। तो इसके लिए हमको पहले ही तैयारी करनी पड़ती है। लगभग हम दिसंबर एंड से शुरू हो जाते हैं इसके लिए। दो-तीन महीने हमें लगते हैं इसकी तैयारी में। डिमांड ज्यादा होने की वजह से हमें प्रोडक्शन भी ज्यादा करनी पड़ती है थोड़े समय के अंदर। तो इसके लिए हम दिसंबर में शुरू हो जाते हैं इसके अंदर।”
थोक विक्रेता श्याम मदान ने बताया “पिछले तीन-चार साल से होली का टी-शर्ट, शर्ट ट्रेंड में आ गई है। पहले लोग पुराने कपड़ों में ही पहनकर गुजारा कर लेते थे। लेकिन अब लेडीज के लिए कुर्ती बन गई है, बच्चों के लिए अलग टी-शर्ट बन गई है, छोटे-बड़े साइज की बन गई है, एक मैजिक टी-शर्ट बनी है, आप इसमें पिचकारी मारो तो उसका कलर छूटता है, इस तरह की भी टी-शर्ट बनी है। तो ये खूब ट्रेंड में आ गया है।”
पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से भी व्यापारी त्योहारों का सामान खरीदने के लिए सहारनपुर आ रहे हैं, होली चार मार्च को मनाई जाएगी। ऐसे में व्यापारी और दुकानदार त्योहार से पहले के दिनों में त्योहारी खरीदारी में तेजी लाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।