Heatwave: भीषण गर्मी के चलते कई जगहों पर रेड अलर्ट जारी

Heatwave: देश के कई इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं, इस बीच राजस्थान से रेत पर पापड़ भूनते बीएसएफ के जवान का वीडियो सामने आया है, तेज गर्मी में बीएसएफ जवान का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा समेत देश के बड़े हिस्सों में लू चल रही हैं। कई जगहों पर पारा 43 से 47 डिग्री के बीच बना हुआ है जिससे सेहत और जन-जीवन पर बडा असर पड़ रहा है। राजस्थान के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों में पारा 49 डिग्री के पार जाने के अनुमान के साथ मौसम कार्यालय ने रेड अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी के दौरान बुजुर्गों और कमजोर लोगों को घर में रहने की सलाह दी जा रही है।

चूरू, पिलानी, फलोदी और बाड़मेर में अगले पांच दिन तक गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। जयपुर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाने के आसार हैं जिसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत दिलाने के लिए बीकानेर जिला प्रशासन ने शहर के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया है। इसके लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को लगाया गया है, इसके अलावा राज्य सरकार ने पीने का पानी मुहैया कराने के लिए जल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का कहना है कि बीकानेर के अंदर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार आया तो हमें नगर निगम के अफसरों ने आदेश दिया है कि शहर के अंदर पानी का छिड़काव करो। जिससे आम जन को राहत मिल सके। इसी उद्देश्य से बीकानेर शहर के अंदर हमारी गाड़ी पानी के छिड़काव के लिए घूम रही है।

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक ने बताया कि रेड वार्निंग का मतलब है कि एक जिले में या एक क्षेत्र में यदि लगातार पिछले चार-पांच दिनों से हीटवेव की परिस्थिति बनी हुई है और आगामी दिनों में भी यदि सीवियर हीट वेव की परिस्थिति बनने वाली है, यानी की एक दो और तापमान में बढ़ोतरी हो। अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस को पार करेगा, तो ऐसी परिस्थिति में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *