CBSE Exam: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं के एग्जाम आज से शुरू हो रहे हैं। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर कई दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। इस बार सीबीएसई 10वीं बोर्ड के 2 एग्जाम करवाने जा रहा है। बोर्ड ने बीते दिन स्पष्ट कहा था कि 10वीं बोर्ड के दो एग्जाम की व्यवस्था में हर स्टूडेंट को पहला एग्जाम देना जरूरी है। इसके अलावा बोर्ड ने परीक्षा को लेकर भी गाइडलाइन्स जारी की थी। इस साल भारत और विदेश के केंद्रों को मिलाकर कुल 46 लाख से भी ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। आज से एग्जाम शुरू हो रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा शुरू होने का समय सुबह 10:30 बजे से तय किया गया है। हालांकि सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र में 10 बजे तक पहुंचना जरूरी है। 10 बजे के बाद किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी। ट्रैफिक और अन्य संभावित परेशानियों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने छात्रों को परीक्षा केंद्र में कम से कम 45 से 90 मिनट पहले पहुंचने की सलाह दी है।
सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी और 12वीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने साफतौर से कहा है कि छात्र ऑफिशियल डेट के अनुसार ही अपनी परीक्षा की तैयारी रखें और किसी भी फर्जी जानकारी पर बिल्कुल भरोसा न करें। बात करें ड्रेस कोड की तो आयोग ने कहा है कि रेगुलर छात्र-छात्राओं को स्कूल यूनिफॉर्म में ही परीक्षा केंद्र पर आना होगा। वहीं स्कूल आईडी साथ लेकर आना बेहद जरूरी है। प्राइवेट उम्मीदवार हल्के रंग के कपड़े पहनें। भारी कढ़ाई, बड़े बटन और मेटल अटैचमेंट वाले कपड़ों से छात्रों को बचना चाहिए। प्राइवेट और रेगुलर स्टूडेंट्स के लिए ड्रेस-कोड के नियम अलग-अलग हैं। रेगुलर स्कूल में एनरोल स्टूडेंट्स को अपनी ऑफिशियल स्कूल यूनिफॉर्म पहननी होगी, जबकि प्राइवेट स्टूडेंट्स को शर्ट या टी-शर्ट जैसे हल्के कपड़े पहनने की इजाजत है।
एग्जाम देने वाले मेल स्टूडेंट्स को बिना किसी फैंसी डिजाइन के सिंपल ट्राउजर या पैंट पहनने चाहिए। उन्हें ऐसे कपड़े नहीं पहनने चाहिए जिनमें कई जिप पॉकेट, बड़े बटन या कोई मेटैलिक अटैचमेंट हो। फुटवियर के लिए, बेहतर होगा कि वे सिंपल सैंडल, स्लिपर या प्लेन जूते पहनें। वहीं लड़कियों को लेकर बोर्ड ने साफ कहा है कि लड़कियां किसी भी तरह की ज्वेलरी पहनने से बचे। बोर्ड ने स्टूडेंट्स से कहा है कि वे मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पर्स, वॉलेट और किसी भी तरह की लिखित सामग्री एग्जाम सेंटर में नहीं लेकर जा सकते हैं। जो भी इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, उसके खिलाफ अनफेयर मीन्स के तहत कार्रवाई की जाएगी।