Ujjain: उज्जैन में ढाई साल का बच्चा बोरवेल में गिरा बचाव अभियान जारी

Ujjain:  मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में बडनगर तहसील के एक गांव में गुरुवार शाम ढाई साल का एक बच्चा बोरवेल में गिर गया, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। एक अधिकारी ने ये जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक ये हादसा उज्जैन से करीब 75 किमी दूर बडनगर तहसील के झलारिया गांव में हुआ। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि घटना की सूचना शाम सात और 7:30 बजे के बीच मिली और तत्काल पुलिस दल मौके पर पहुंचा।

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ टीम और बाकी संबंधित टीम भी घटना स्थल पर पहुंच गयी हैं। परमार ने बताया कि बच्चा बोरवेल में करीब 60 फीट की गहराई पर फंस गया है, उसके आगे बोरवेल संकरा है और नीचे पानी है। उन्होंने कहा, ‘‘बच्चे के लिए बोरवेल में आक्सीजन के लिए पाइप डाल दी गई है। उसकी हलचल देखी जा रही है।’’

सूचना मिलने पर जिलाधिकारी रोशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सिंह ने बताया कि घटना स्थल पर एसडीआरएफ की टीम पहुंच चुकी है और उन्होंने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि घटना स्थल पर जेसीबी और पोकलेन मशीन भी मौजूद है।

हादसे की जानकारी लगने पर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने भी कहा कि बचाव कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने बताया की बच्चे को पाइप के सहारे आक्सीजन पहुंचाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बच्चे की पहचान भेड़ चराने वाले प्रवीण देवासी के ढाई साल के बेटे भागीरथ के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि परिवार अपने काम में लगा था और बच्चा खेत में खेल रहा था। पास ही कुछ दूरी पर उसके पिता और परिवारजन भेड़ों की देख-रेख कर रहे थे, इसी दौरान बच्चा बोरवेल में जा गिरा। उन्होंने बताया कि प्रवीण देवासी राजस्थान के पाली जिले के गुडानला से तीन दिन पूर्व ही यहां भेड चराने परिवार के साथ आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *