Tulip show: बागवान ये नहीं चाहते कि एक पत्ता, एक कली या फिर एक फूल भी अपनी जगह से हटकर हो, क्योंकि वेे श्रीनगर में एशिया के सबसे बड़े ट्यूलिप गार्डन में ट्यूलिप की देखभाल करते हैं।
इस गार्डन में हर साल मार्च के आखिरी हफ्ते में ट्यूलिप शो का आयोजन होता है जिसका बेसब्री से इंतजार रहता है। हालांकि इस बार इसकी शुरुआत एक हफ्ते पहले हो रही है।
सोचिए कि आप लाखों अलग-अलग रंगों के ट्यूलिप से घिरे हुए हैं। वो नजारा कितना खास होगा। अगर आप ऐसा ही कुछ महसूस करना चाहते हैं तो श्रीनगर जाइये..ट्यूलिप गार्डन आपका इंतजार कर रहा है। ये गार्डन 16 मार्च से आम दर्शकों के लिए खोल दिया जाएगा।
ये सालाना शो एक खास पर्यटन आकर्षण बन गया है। वसंत के मौसम में श्रीनगर आने वाले सैलानियों के लिए ये खास मंजिल बन जाती है। जब फूल पूरी तरह खिले होते हैं, तो लगभग चार हफ्तों के दौरान लाखों लोग इनके दीदार के लिए ट्यूलिप गार्डन पहुंचते हैं।
कश्मीर में दशकों में सबसे गर्म फरवरी के मौसम में ट्यूलिप जल्दी खिल गए हैं, लेकिन अब कोई शिकायत नहीं कर रहा है। ट्यूलिप शो का उद्घाटन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला करेंगे। गार्डन की देखभाल करने वाले तो लोगों को भरोसा दिला रहे हैं कि यहां आकर उन्हें अनूठा अहसास
होगा।
तो ट्यूलिप गार्डन जाइए और ट्यूलिप के लाखों फूलों के बीच खो जाइये..और हां, ढेर सारी सेल्फी और फोटो लेना मत भूलिएगा।