Jammu: पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद किए गए 14 पर्यटन स्थलों को फिर से खोला जाएगा

Jammu:  जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश के 14 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिया है, जिन्हें पिछले साल अप्रैल में पहलगाम आतंकी हमले के बाद बंद कर दिया गया था।

पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन मैदान में हुए आतंकी हमले के बाद उप-राज्यपाल प्रशासन ने जम्मू कश्मीर के लगभग 50 पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया था। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे।

उप-राज्यपाल कार्यालय ने एक्स पर किए पोस्ट में बताया, “सुरक्षा की गहन समीक्षा और विचार-विमर्श के बाद कश्मीर और जम्मू डिवीजनों में और अधिक पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिए गए हैं, जिन्हें एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।”

इसके साथ ही अस्थायी रूप से बंद किए गए पर्यटन स्थलों की कुल संख्या बढ़कर 26 हो गई है। 26 सितंबर को उप-राज्यपाल ने 12 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिया था।

सिन्हा ने कहा, “कश्मीर डिवीजन के ग्यारह पर्यटन स्थल – कोकरनाग में यूसमर्ग, दूधपथरी, दांडीपोरा पार्क, शोपियां में पीर की गली, दुबजान और पदपावां, श्रीनगर में अस्तनपोरा, ट्यूलिप गार्डन, गांदरबल में थाजवास ग्लेशियर, हंग पार्क और बारामूला में वुलर और वाटलाब – तत्काल प्रभाव से फिर से खोले जाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू डिवीजन के तीन पर्यटन स्थल – रियासी में देवी पिंडी, रामबन में महू मंगत और किश्तवार में मुगल मैदान भी तत्काल प्रभाव से फिर से खोले जाएंगे।

सिन्हा ने आगे कहा, “कश्मीर डिवीजन में तीन स्थल – गुरेज, अथवाटू और बंगस और जम्मू डिवीजन में एक स्थल रामबन में रामकुंड बर्फ हटने के बाद फिर से खोल दिए जाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *