Israel: इजराइली रक्षा विभाग ने तेहरान के कथित सैन्य ढांचे पर बड़े हवाई हमले का किया दावा

Israel:  इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने दावा किया कि उसने तेहरान और मध्य ईरान के अन्य हिस्सों में ईरानी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े हवाई हमलों की अंजाम दिया।

एक बयान में आईडीएफ ने कहा कि इजराइली वायु सेना के 80 से अधिक लड़ाकू विमानों ने सैन्य खुफिया जानकारी के मार्गदर्शन में अभियान चलाया और ईरानी शासन से जुड़े कई ठिकानों पर लगभग 230 गोला-बारूद गिराए।

जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया उनमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का इमाम हुसैन सेंट्रल मिलिट्री यूनिवर्सिटी भी शामिल था, जिसके बारे में इजराइल का आरोप था कि इसका इस्तेमाल गार्ड्स के लिए आपातकालीन सभा परिसर के रूप में किया जा रहा था, जो उसके चल रहे सैन्य अभियानों का हिस्सा था।

आईडीएफ ने ये भी दावा किया कि उसने ईरान की मिसाइल इकाई से जुड़े भंडारण स्थल पर हमला किया, जिसमें कथित तौर पर बंकर और इजराइल पर हमले के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रक्षेपण उपकरण मौजूद थे। इसके अलावा एक अन्य लक्ष्य को भूमिगत सुविधा के रूप में बताया गया है, जिसका कथित तौर पर बैलिस्टिक मिसाइलों के भंडारण और उत्पादन के लिए उपयोग किया जाता था, जहां सैकड़ों ईरानी सैन्यकर्मी तैनात थे।

इसके अलावा इजराइल ने दावा किया कि इजराइली क्षेत्र की ओर होने वाले हमलों को कम करने की कोशिश में पश्चिमी और मध्य ईरान के कई क्षेत्रों में मिसाइल प्रक्षेपण स्थलों को निशाना बनाया गया।

इजराइली सेना ने कहा कि ईरान की मिसाइल प्रक्षेपण और रक्षा क्षमताओं के साथ-साथ उसके बैलिस्टिक मिसाइल उत्पादन बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के तहत अभियान जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *