Crude Oil: ईरान संघर्ष और इसकी वजह से कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति में आई दिक्कत के बीच तेल की कीमतें बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं।
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने शुक्रवार को रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटाने की घोषणा करते हुए कहा कि कुछ देश समुद्र में फंसे तेल को खरीद सकते हैं।
तेल की कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिशों के मद्देनजर अमेरिका ने भारत को भी 30 दिनों के लिए प्रतिबंधों में छूट दी है। इस फैसले के पीछे अमेरिकी वित्त मंत्री का तर्क है कि इस अल्पकालिक उपाय से रूसी सरकार को कोई अहम वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा।
अमेरिका की तरफ से ये कदम अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी की 11 मार्च को की गई उस घोषणा के बाद उठाया गया है जिसमें एजेंसी ने अपने आपातकालीन भंडार से रिकॉर्ड 400 मिलियन बैरल तेल जारी किया था।
ईरान की तरफ से होर्मुज जलडमरूमध्य में नाकेबंदी जारी रखने की घोषणा के बाद अब देखना होगा कि नए उपायों का तेल की कीमतों पर क्या असर पड़ेगा।