Colombia: लातिन अमेरिकी देश कोलंबिया के दक्षिण पश्चिम हिस्से में 125 लोगों को ले जा रहा एक सैन्य मालवाहक विमान सोमवार को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने ये जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अबतक कम से कम 48 लोगों को जिंदा बचाया गया है। कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बताया कि ये ‘‘दुखद हादसा’ पुटुमायो प्रांत के एक दूरस्थ नगर पालिका पुएर्टो लेगुइजामो में हुई, जो पेरू और इक्वाडोर की सीमा से लगता है।
स्थानीय मीडिया द्वारा ऑनलाइन साझा की गई तस्वीरों में विमान दुर्घटनास्थल से काले धुएं का बादल उठता हुआ और सैनिकों से भरा एक ट्रक घटनास्थल की ओर तेजी से जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
कोलंबियाई वायु सेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बाद में एक वीडियो संदेश में बताया कि हरक्यूलिस सी-130 विमान में 114 यात्रियों और 11 चालक दल के सदस्यों सहित कुल 125 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और कम से कम 48 लोगों को जीवित बचा लिया गया है।
स्थानीय मीडिया की तस्वीरों दिखाया गया है कि स्थानीय निवासियों द्वारा चलाई जा रही मोटरसाइकिलों पर सैनिकों को घटनास्थल से तेजी से ले जाया जा रहा है। सिल्वा ने कहा, “इस समय हमें दुर्घटना के बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं है।” “सिवाय इसके कि विमान में कोई तकनीकी खराबी आ गई थी और वह हवाई अड्डे से लगभग दो किलोमीटर दूर नीचे गिर गया।” वायु सेना कमांडर ने आगे बताया कि 74 बिस्तरों वाले दो विमानों को उस इलाके में भेजा गया है, ताकि घायलों को वापस बोगोटा और अन्य जगहों पर स्थित अस्पतालों तक पहुंचाया जा सके।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर लिखा कि उन्हें उम्मीद है कि “इस दुर्घटना में कोई जान-माल का नुकसान नहीं होगा, जो कि होनी ही नहीं चाहिए थी।” पेट्रो ने इस दुर्घटना का इस्तेमाल अपने उस लंबे समय से चल रहे अभियान को बढ़ावा देने के लिए किया, जिसे वे अपने देश की सेना द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विमानों और दूसरे उपकरणों के आधुनिकीकरण का अभियान कहते हैं।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों में “नौकरशाही संबंधी अड़चनों” के कारण रुकावट आई है और ये भी सुझाव दिया कि कुछ अधिकारियों को इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। पेट्रो ने कहा, “यदि नागरिक या सैन्य प्रशासनिक अधिकारी इस चुनौती का सामना करने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें पद से हटा दिया जाना चाहिए।”
सांचेज ने लिखा कि ये दुर्घटना “देश के लिए अत्यंत दुखद” है और आगे कहा: “हमें उम्मीद है कि हमारी प्रार्थनाएं इस दुख को कुछ हद तक कम करने में मदद कर सकेंगी।”