Balochistan: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने बताया कि प्रांत में आतंकवाद विरोधी कई अभियानों में पिछले 40 घंटों में करीब 145 आतंकवादी और 17 सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। बुगती ने क्वेटा में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सभी 145 आतंकवादियों के शव अधिकारियों के कब्जे में हैं और उनकी पहचान की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रांत में सुरक्षाबलों द्वारा आतंकवाद के खिलाफ युद्ध शुरू किए जाने के बाद से दो दिनों से भी कम समय में मारे गए आतंकवादियों की यह सबसे अधिक संख्या है। बुगती ने कहा कि क्वेटा, सिबी, ग्वादर, नोशकी, पसनी आदि अलग-अलग जगहों पर आतंकवादियों से लड़ते हुए कानून लागू करने वाली एजेंसियों और सुरक्षाबलों के 17 जवान शहीद हो गए।
इससे पहले दिन में पाकिस्तानी सेना ने कहा कि सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए आतंकवाद विरोधी कई अभियानों में करीब 15 सैनिक और 92 आतंकवादी मारे गए। सेना ने कहा कि ये अभियान जातीय बलूच समूहों से संबंधित आतंकवादियों द्वारा शनिवार को कई जगहों पर किए गए हमलों के बाद शुरू किए गए थे।
सेना ने बताया कि आतंकवादियों ने क्वेटा, मस्तुंग, नुश्की, दलबंदीन, खरान, पंजगुर, तुम्प, ग्वादर और पसनी के आसपास आतंकी गतिविधियां करके शांति भंग करने की कोशिश की। बयान में कहा गया है कि अत्यधिक सतर्क सुरक्षा बलों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आतंकियों की शांति भंग करने की कोशिशों को नाकाम कर दिया।
इसमें कहा गया है, ‘‘हमारे बहादुर जवानों ने पूरी सटीकता के साथ आतंकवादियों का सामना किया और पूरे बलूचिस्तान में लंबे, भीषण और साहसिक अभियानों के बाद तीन आत्मघाती हमलावरों सहित 92 आतंकवादियों को मार गिराया।’’ सेना ने बताया कि आतंकियों ने आम नागरिकों को भी निशाना बनाया, जिसमें महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और मजदूरों सहित 18 लोगों की मौत हो गई। अभियानों और बाद में हुई मुठभेड़ों के दौरान 15 सैनिकों ने भी अपनी जान गंवायी।
बुगती ने मीडिया को बताया कि पसनी और क्वेटा में आतंकवादियों ने दो महिला हमलावरों का इस्तेमाल किया था। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हमारी खुफिया एजेंसियों ने हमें पहले ही क्वेटा पर एक बड़े हमले के बारे में खुफिया जानकारी दी थी और शनिवार रात को इन आतंकवादियों ने पुलिस और सीमावर्ती कोर के जवानों समेत हमारे सुरक्षा बलों और नागरिकों पर 12 अलग-अलग स्थानों पर हमला किया।’’ उन्होंने कहा कि क्वेटा में दो आत्मघाती हमलावर भी मारे गए।