Sony Pictures: सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने साल 2026 के लिए अपनी शानदार फिल्म लाइनअप की घोषणा की है। स्टूडियो इस साल दर्शकों के लिए बड़े फ्रेंचाइजी प्रोजेक्ट्स, नई और अलग कहानियां तथा फैमिली एंटरटेनमेंट का जबरदस्त मिश्रण लेकर आ रहा है।
स्पाइडर-मैन एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करेगा, वहीं जुमांजी भी नए एडवेंचर के साथ दर्शकों का मनोरंजन करने को तैयार है। कंपनी का साफ कहना है कि ये फिल्में थिएटर में बड़े पर्दे पर देखने का अनुभव देने के लिए बनाई गई हैं।
पिछले साल सोनी ने बॉक्स ऑफिस सफलता के साथ अपनी मजबूत पहचान भी बनाई। डकोटा जॉनसन, क्रिस इवांस और पेड्रो पास्कल अभिनीत Materialists को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला। वहीं Demon Slayer: Kimetsu No Yaiba – Infinity Castle भारत में रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर देश की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अंतरराष्ट्रीय एनिमेटेड फिल्म बनी।
2026 की शुरुआत 13 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म Crime 101 से होगी, जिसमें क्रिस हेम्सवर्थ और हाले बेरी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह एक क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक्शन और सस्पेंस का भरपूर तड़का होगा।
एनिमेशन प्रेमियों के लिए 20 फरवरी को Goat रिलीज होगी। यह एक स्पोर्ट्स कॉमेडी है, जिसे एनबीए चैंपियन स्टीफन करी के साथ मिलकर बनाया गया है।
20 मार्च को साइंस-फिक्शन फिल्म Project Hail Mary रिलीज होगी, जिसमें रयान गोसलिंग एक रहस्यमयी अंतरिक्ष यान में जागते नजर आएंगे। यह फिल्म IMAX और प्रीमियम फॉर्मेट में रिलीज की जाएगी।
मई में The Sheep Detectives, जून में Masters of the Universe और साल भर में Evil Dead Burn, Insidious और Resident Evil जैसी हॉरर फिल्में भी रिलीज होंगी।
अक्टूबर में ऐन हैथवे, डकोटा जॉनसन और जोश हार्टनेट स्टारर Verity आएगी। नवंबर में आरोन सोर्किन की The Social Reckoning और Archangel रिलीज होंगी। साल के अंत में दिसंबर में Jumanji 3 के साथ त्योहारों का सीजन खत्म होगा।
सोनी पिक्चर्स 2026 में सिर्फ एक बड़ी हिट पर दांव नहीं लगा रहा, बल्कि हर तरह के दर्शकों के लिए अलग-अलग अनुभव पेश कर रहा है। स्टूडियो को उम्मीद है कि बड़े पर्दे पर इन फिल्मों का रोमांच दर्शकों को सिनेमाघरों तक जरूर खींचेगा।