Siddhant Chaturvedi: सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपकमिंग फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ को लेकर क्या कहा

Siddhant Chaturvedi: मुंबई में फिल्म दो दीवाने शहर में का ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस मौके पर अभिनेता सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपनी भूमिका को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि इस फिल्म का किरदार उनके बेहद करीब है, क्योंकि वह खुद उत्तर प्रदेश से आते हैं और कहानी की कई बातें उनके निजी अनुभव से जुड़ी हैं।

सिद्धांत ने बताया कि फिल्म में वह बलिया से आए एक मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव की भूमिका निभा रहे हैं, जो हर प्रेजेंटेशन से पहले घबरा जाता है। उनके किरदार के लिए “श” और “स” का सही उच्चारण करना मुश्किल होता है, जो उनकी जिंदगी की एक बड़ी परेशानी है। फिल्म में उनका नाम ‘शशांक’ है और उन्हें ‘रोशनी’ नाम की लड़की से प्यार हो जाता है, लेकिन ये दोनों शब्द उनके लिए बोलना आसान नहीं होता।

अभिनेता ने कहा,
“मैं उत्तर प्रदेश से हूं। मेरी मां आज भी ‘भगवान शंकर’ को ‘भगवन संकर’ और अक्षय कुमार को ‘अक्सय कुमार’ कहती हैं। यह मेरे लिए बहुत निजी है, क्योंकि मैंने भी इस समस्या को खुद झेला है।”

उन्होंने आगे बताया कि जब वह पहली बार मुंबई आए थे, तब उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा।
“मुझे ठीक से हिंदी बोलने में पांच-छह साल लग गए। पहले मैं ज्यादातर भोजपुरी में ही बात करता था,” सिद्धांत ने कहा।

फिल्म में अभिनेत्री मृणाल ठाकुर भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। वह एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो बॉडी इमेज से जुड़ी परेशानियों से जूझ रही है। ‘दो दीवाने शहर में मुंबई शहर में दो अधूरे लोगों के बीच पनपती एक भावनात्मक प्रेम कहानी है।

यह फिल्म ज़ी स्टूडियोज और भंसाली प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है और इसका निर्देशन रवि उदयावर ने किया है। फिल्म का निर्माण भंसाली, प्रेरणा सिंह, उमेश कुमार बंसल और भारत कुमार रंगा ने रवि उदयावर फिल्म्स के सहयोग से किया है।
‘दो दीवाने शहर में’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *