Priyanka Chopra: प्रियंका चोपड़ा ने अपने हॉलीवुड करियर को लेकर किए कई खुलासे

Priyanka Chopra: अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस ने हॉलीवुड फिल्म “द ब्लफ” में अपने किरदार और फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाओं के बारे में खुलकर बातचीत की। प्राइम वीडियो पर 25 फरवरी को रिलीज होने वाली फिल्म ‘द ब्लफ’ में अपने किरदार के बारे उन्होंने कहा कि एक महिला समुद्री डाकू का किरदार निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक था। प्रियंका बताती हैं कि उन्हें ये पता नहीं था कि महिलाएं भी समुद्री डाकू होती हैं।

उन्होंने कहा, “कितनी महिलाओं ने कभी ये किरदार निभाया है? मुझे तो पता ही नहीं था कि महिला समुद्री डाकू भी होती हैं—वे अपने जहाजों की कप्तान होती थीं, उनके साथ पुरुषों का दल होता था और वो बेमिसाल और रोमांचक जीवन जीती थीं।” एक्शन से भरपूर इस भूमिका के लिए प्रियंका को काफी तैयारी करनी पड़ी, जिसमें उनकी पिछली फिल्म “हेड्स ऑफ स्टेट” की शूटिंग के बीच दोनों हाथों से तलवारबाजी सीखना और कैरेबियन इतिहास, विशेष रूप से भारत से लाए गए बंधुआ मजदूरों के जीवन पर शोध करना शामिल था।

अपने करियर की विविधता पर बात करते हुए प्रियंका ने अंग्रेजी सिनेमा में अलग-अलग शैलियों को आज़माने के अपने अनुभव के बारे में बताया। उन्होंने कहा, “‘द ब्लफ’ संस्कृति और इतिहास की गहराई में उतरती है, लेकिन ये ड्रामा और भावनाओं से भरपूर एक मज़ेदार और रोमांचक समुद्री डाकू फिल्म भी है। अलग-अलग शैलियों को आजमाना मेरे लिए वाकई रोमांचक है।”

अभिनेत्री ने विरासत पर भी अपने विचार साझा किए।प्रियंका ने कहा कि उनके लिए ये शब्द और इसका अर्थ अब बदल गया है। उन्होंने बताया, “अब 10 साल बाद, मुझे नहीं पता कि ‘विरासत’ का क्या मतलब है। 30 साल की उम्र में इसका जो मतलब था, वो अब मेरे लिए बिल्कुल अलग है।”

प्रियंका ने इस बात पर ज़ोर दिया कि चुनौतीपूर्ण काम करते हुए अपने परिवार के लिए समय निकाल पाना ही अब उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखता है। हॉलीवुड में अपने सफर को प्रियंका ने आत्मविश्वास से भरा हुआ बताया। उन्होंने कहा, “मैंने कभी कमजोरी का एहसास नहीं किया, मुझे पता था कि मैं क्या कर सकती हूं, भले ही लोग मुझे न जानते हों। लेकिन क्या मैं मंज़िल पर पहुंच गई हूँ? अभी नहीं। मुझे अभी बहुत कुछ करना बाकी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *