‘Khatron Ke Khiladi 15’ की वापसी, दो साल बाद फिर नजर आएंगे रोहित शेट्टी

Khatron Ke Khiladi: रोहित शेट्टी का पॉपुलर स्टंट-बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ अपने 15वें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। दो साल के लंबे इंतजार के बाद अब खतरों के खिलाड़ी 15 जल्द ही टीवी पर दस्तक देगा। शो को हमेशा की तरह रोहित शेट्टी ही होस्ट करते नजर आ सकते हैं। हाल ही में कलर्स चैनल ने शो का पहला AI-जनरेटेड प्रोमो इंस्टाग्राम पर जारी किया है, हालांकि अभी तक कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है।

क्यों टला था खतरों के खिलाड़ी 15
खबरों के मुताबिक, खतरों के खिलाड़ी 15 की शूटिंग मिड-2025 में शुरू होनी थी, लेकिन अप्रैल 2025 में बनिजय एशिया (Banijay Asia) के प्रोड्यूसर के तौर पर बाहर होने के बाद शो में देरी हो गई। बताया गया कि कलर्स चैनल और बनिजय एशिया के बीच कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था, जिसकी वजह से शो का भविष्य कुछ समय के लिए अनिश्चित हो गया।

सूत्रों के अनुसार, इस दौरान कुछ कंटेस्टेंट्स भी लॉक हो चुके थे। यहां तक चर्चा चली कि बिग बॉस 19 और खतरों के खिलाड़ी 15 कलर्स से हटकर सोनी टीवी पर जा सकते हैं, लेकिन बाद में दोनों शो कलर्स चैनल पर ही बनाए रखने का फैसला हुआ। बताया जा रहा है कि बनिजय एशिया और एंडेमोल के बीच अंदरूनी मतभेद देरी की बड़ी वजह बने थे। अब ये विवाद सुलझ गया है और शो एक बार फिर ट्रैक पर लौट आया है।

खतरों के खिलाड़ी 15 के संभावित कंटेस्टेंट्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट अविनाश मिश्रा और ईशा मालवीया का नाम लगभग तय माना जा रहा है। वहीं, बिग बॉस 18 फेम चुम दरांग के भी शो में नजर आने की संभावना है।
इसके अलावा मुनव्वर फारूकी, ओरी (Orry), ईशा मालवीया, दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी, बॉक्सर नीरज गोयत, गौरव खन्ना, गुलकी जोशी, दिग्विजय राठी और सिंगर श्रीराम चंद्रा के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

खतरों के खिलाड़ी 14 का विनर
साल 2024 में खतरों के खिलाड़ी 14 के विजेता करण वीर मेहरा बने थे। कृष्णा श्रॉफ शो की पहली रनर-अप रहीं, जबकि गश्मीर महाजनी दूसरे रनर-अप रहे थे।

कब और कहां होगा प्रसारण
खबर है कि खतरों के खिलाड़ी 15 की शूटिंग जल्द ही शुरू होगी और कंटेस्टेंट्स को शूट के लिए विदेशी लोकेशन पर ले जाया जाएगा। यह शो कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा और जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर भी स्ट्रीम किया जाएगा।

फैंस अब बेसब्री से खतरों के खिलाड़ी 15 की शुरुआत और कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *