Karan Aujla: पंजाबी गायक करण औजला ने एक और मुंबई कॉन्सर्ट की घोषणा की। ये 12 अप्रैल को होगा। “तौबा तौबा”, “चिट्टा कुर्ता” और “सॉफ्टली” जैसे हिट ट्रैक देने के लिए मशहूर करण ने अभी अपने पी-पॉप कल्चर इंडिया टूर 2026 पर हैं। इसे टीम इनोवेशन ने प्रोड्यूस किया है।
करण ने तीन मार्च को मुंबई में प्रस्तुति दी थी। उन्होंने अब एक और शो पी-पॉप कल्चर इंडिया टूर- मुंबई 2.0 की घोषणा की है। इस शो में उन लोगों को फ्री में प्रवेश दिया जाएगा जो पहले शो में शामिल हुए थे।
ये घोषणा एमएमआरडीए ग्राउंड्स में आयोजित होली कॉन्सर्ट के बाद की गई है, जिसमें लगभग 15,000 प्रशंसक शामिल हुए थे, लेकिन दर्शकों ने अत्यधिक भीड़भाड़ और लंबी, अव्यवस्थित प्रवेश कतारों की शिकायत की थी।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया की समीक्षा करने के बाद, कलाकारों और आयोजकों ने शहर में एक नए रूप में नाइटटाइम कॉन्सर्ट आयोजित करने का निर्णय लिया है।
औजला ने एक बयान में कहा, “मुंबई ने हमेशा मुझे अपार प्यार दिया है और ये कॉन्सर्ट उन चाहने वालों को समर्पित है जो मेरे साथ शुरू से जुड़े हुए हैं! मैं हर प्रशंसक को बताना चाहता हूं कि वे मेरे लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। जो भी हमारे साथ जश्न मनाने आए, हम फिर से जादू बिखेरने के लिए वापस आ रहे हैं और इस बार ये एक जबरदस्त पार्टी होने वाली है। टीम इनोवेशन के मेरे साथियों को इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
टीम इनोवेशन के को-फाउंडर मोहित बिजलानी ने कहा, “ऑडियंस के फीडबैक को रिव्यू करने और उसे मानने के बाद, हमें लगा कि जवाब देने का सबसे अच्छा तरीका प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करना है। करण औजला मुंबई 2.0 को एक फैन एप्रिसिएशन कॉन्सर्ट के तौर पर डिजाइन किया गया है, जो उन लोगों को डेडिकेटेड है जिन्होंने टूर के मुंबई डेब्यू को सपोर्ट किया। टीम इनोवेशन में, हम दर्शकों के अनुभव की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और भारत में लाइव मनोरंजन के स्तर को लगातार ऊंचा उठाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”