Dhurandhar 2: फिल्म ‘धुरंधर 2′ को लेकर शुरुआत से ही जबरदस्त हाइप बना हुआ था, मेकर्स यह बात अच्छे से जानते थे कि दर्शक इस फिल्म के दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्हें इस बात का यकीन भी था कि इसके दूसरे पार्ट को भी पहले जितना ही प्यार मिलेगा। ठीक वैसे ही जैसे दर्शकों को यकीन था कि उन्हें दूसरे पार्ट में पहले से भी ज्याद दमदार कहानी देखने को मिलेगी।
कैसी है फिल्म?
‘धुरंधर 2’ को देखते वक्त आप निराश नहीं होंगे पर लगभग चार घंटे की इस फिल्म में बीच-बीच में बोर जरूर होंगे। हमजा अली मजारी हो या जसकीरत सिंह रांगी, दोनों को देखकर आपको मजा तो आएगा पर आप कहीं न कही रहमान डकैत के ऑरा को मिस जरूर करेंगे।
संजय दत्त हो या अर्जुन रामपाल, अगर आप यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि ये किरदार कुछ बड़ा धमाका करेंगे तो आप निराश होंगे। सारा अर्जुन तो आधी फिल्म निकल जाने के बाद पलभर के लिए नजर आएंगी। तो कुल मिलाकर पूरे चार घंटे आप रणवीर सिंह को ही स्क्रीन पर देखते हैं।
हां, माधवन और राकेश बेदी जरूर बीच-बीच में जान फूंकते नजर आएंगे। फिल्म की शुरुआत और क्लाइमैक्स दोनों दमदार हैं पर एक बड़ी कमी है, जो पूरी फिल्म पर हावी है।
कहानी
फिल्म की कहानी छह चैप्टर में बांटी गई है। शुरुआत फ्लैशबैक से होती है, जहां जसकीरत सिंह रांगी (रणवीर सिंह) और उसके परिवार को दिखाया है। जसकीरत के पिता भी फौजी थे और वो खुद भी फौज में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था पर तभी कुछ ऐसा होता है कि उसे अपने परिवार की रक्षा के लिए बंदूक उठानी पड़ती है।
जसकीरत अपने परिवार के साथ हुए अन्याय का बदला लेने के लिए एक एमएलए के घर में घुसकर खून-खराबा करता है। मामले में उसे उम्र कैद की सजा सुनाई जाती है। आगे जाकर आईबी डायरेक्टर अजय सान्याल (आर माधवन) उसे देश के लिए कुछ करने का मौका देते हैं।
इसके बाद जसकीरत पाकिस्तान में इंडिया का एजेंट बनकर एंट्री लेता है जहां उसका नाम होता है हमजा अली मजारी। इसके आगे की कहानी फिल्म के पहले पार्ट में दिखाई गई थी और अब कहानी सीधा पहुंचती है रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की मौत से आगे।
रहमान की मौत के बाद हमजा उसके छोटे भाई उजैर (दानिश पंडोर) को ल्यारी की गद्दी पर बैठाकर, अपने मकसद में आगे बढ़ता है। आगे जाकर मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) हमजा की मुलाकात अपने बड़े साहब से करवाते हैं। अब कौन हैं ये बड़े साहब? क्या हमजा का असली मकसद इन्हीं बड़े साहब को मारना है? क्या वो इस मकसद में कामयाब हो पाएगा? जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।