Boong: फरहान अख्तर की मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को मिला बाफ्टा अवार्ड

Boong: फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ को रविवार को लंदन में सर्वश्रेष्ठ चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। इस फिल्म को लक्ष्मीप्रिया देवी ने डायरेक्ट किया है।

फिल्म की डेब्यू निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी ने वेस्ट एंड शो ‘पैडिंगटन द म्यूजिकल’ में लीड रोल कर रहे पैडिंगटन बेयर से ट्रॉफी लेने के बाद अपनी एक्सेप्टेंस स्पीच में मणिपुर में शांति की भावुक अपील की। ​​उनके साथ स्टेज पर प्रोड्यूसर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी और ‘बूंग’ के असिस्टेंट डायरेक्टर राहुल शारदा भी थे।

पुरस्कार समारोह के दौरान अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए लक्ष्मीप्रिया देवी ने कहा, “यहां तक की यह यात्रा मानो किसी ऐसे पहाड़ की चोटी तक पहुंचने के आख़िरी कुछ कदमों जैसी लगी, जिसकी चढ़ाई हम कर रहे थे, इसका हमें शुरुआत में अंदाज़ा ही नहीं था।”

उन्होंने कहा, “मैं इस अवसर का उपयोग करते हुए यह कहना चाहती हूं कि हम मणिपुर में शांति लौटने की प्रार्थना करते हैं। हम दुआ करते हैं कि सभी आंतरिक रूप से विस्थापित बच्चे, जिनमें फिल्म के बाल कलाकार भी शामिल हैं, एक बार फिर अपनी खुशी, अपनी मासूमियत और अपने सपने वापस पा सकें।”

उन्होंने आगे कहा, “हम प्रार्थना करते हैं कि कोई भी संघर्ष इतना बड़ा या भयावह न हो कि वह इंसान के पास मौजूद सबसे बड़ी शक्ति क्षमा को नष्ट कर दे। इसलिए हम बाफ्टा का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमें सिर्फ एक पुरस्कार ही नहीं, बल्कि अपनी आशा व्यक्त करने का यह मंच भी दिया।”

गुगुन किपगेन और बाला हिजाम स्टारिंग इस मणिपुरी फिल्म ने दूसरे नॉमिनी ‘लिलो एंड स्टिच’, ‘आर्को’ और ‘ज़ूट्रोपोलिस 2’ के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते हुए जीत हासिल की।

टेम्स नदी के किनारे रॉयल फेस्टिवल हॉल में 2026 बाफ्टा अवॉर्ड्स का आयोजन हुआ। इसमें बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट समेत कई सितारों ने शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *