Badshah: हरियाणा में हाल ही में रिलीज हुए क्षेत्रीय गाने ‘ततेरी’ में आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के इस्तेमाल के आरोप में रैपर-संगीतकार बादशाह के खिलाफ मामला दर्ज होने के एक दिन बाद पुलिस ने उन्हें देश छोड़ने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंचकुला पुलिस ने बादशाह को तत्काल पुलिस के समक्ष पेश होने का औपचारिक नोटिस जारी किया है। हरियाणा पुलिस ने शनिवार को एक बयान में कहा कि उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और कई जगहों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, बयान में कहा गया है, “आरोपी द्वारा देश छोड़ने के प्रयास की संभावना को देखते हुए, उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।”
पुलिस ने शुक्रवार को पंचकुला के रहने वाले एक शख्स की शिकायत के आधार पर कानून की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की, जिसमें बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए गाने के वीडियो में आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने बादशाह के खिलाफ महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 4 तथा बीएनएस की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गीत) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के बयान में कहा गया है, “सोशल मीडिया और गानों में आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए हरियाणा पुलिस ने गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें बादशाह के नाम से जाना जाता है, उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।”
इसके अलावा सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी गाने का संज्ञान लिया है और लोकप्रिय रैपर को समन जारी किया है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में नाबालिग लड़कियां स्कूल यूनिफॉर्म पहने हुए अपने स्कूल बैग फेंकती हुई और पढ़ाई से भागती हुई दिखाई दे रही हैं।
इसमें कहा गया है, “गीत में ‘बादशाला’ जैसे शब्दों का प्रयोग विद्यालय के वातावरण और शिक्षा को भ्रामक और अनुचित तरीके से चित्रित करता पाया गया है। इसके अलावा गीतों में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अपमानजनक अभिव्यक्तियाँ भी पाई गई हैं।” पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि “यदि कोई व्यक्ति विवादित गीत से संबंधित रील या वीडियो बनाकर या साझा करके आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा देता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वीडियो निर्माताओं ने सरकारी स्कूल परिसर और जिंद डिपो से हरियाणा रोडवेज की बस को दिखाने के लिए उचित इजाजत ली थी।
पुलिस ने कहा कि यदि जरूरी इजाजत नहीं ली गई थी, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को कहा कि सरकार ने संगीत वीडियो का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि गीत में स्कूली छात्राओं का चित्रण और जिस तरह से “हमारी संस्कृति को दर्शाया गया है” वो निंदनीय है।