Assi Trailer: निर्देशक अनुभव सिन्हा और अभिनेत्री तापसी पन्नू की जोड़ी एक बार फिर एक नई कहानी लेकर आई है। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी सफल फिल्मों के बाद अब ये जोड़ी फिल्म ‘अस्सी’ लेकर आई है। पिछले दिनों फिल्म की घोषणा की गई थी, तबसे ही दर्शक इसका इंतजार कर रहे हैं। अब आज फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। ट्रेलर काफी दमदार लग रहा है और एक बार फिर अनुभव सिन्हा अपनी फिल्म के जरिए कई सवाल खड़े करते हैं। यहां देखिए ‘अस्सी’ के ट्रेलर में क्या कुछ है खास।
2 मिनट 52 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत कोर्ट में वकील के तौर पर तापसी पन्नू के किरदार से होती है। जहां वो बताती हैं कि ‘अपराध वाले दिन देशभर में 80 रेप कंपलेंट हुई थीं, जिनमें से 76 का तो ट्रायल भी स्टार्ट नहीं हुआ है।’ इसके बाद दिखाया जाता है कि एक महिला को एक कार से किडनैप कर लिया जाता है। बाद में उस महिला का गैंगरेप करके उसको रेलवे पटरियों के पास छोड़ दिया जाता है। फिर पुलिस इन्वेस्टिगेशन और कोर्ट केस चलता है।
‘अस्सी’ एक कोर्टरूम ड्रामा जिसमें बलात्कार जैसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर बात की गई है। फिल्म में तापसी पन्नू एक वकील के किरदार में नजर आई हैं, जबकि कानी कुसृति ने रेप पीड़िता की भूमिका निभाई है। ट्रेलर से पता चलता है कि अनुभव सिन्हा एक बार फिर एक दमदार कहानी लेकर आए हैं, जो बलात्कार जैसे गंभीर मुद्दे पर सवाल उठाती है।
‘अस्सी’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर देखकर कई बार आपको ‘पिंक’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी फिल्मों की झलक भी दिखेगी।