Abhishek and Pranit: अभिषेक बजाज और प्रणित मोरे ने एक बार फिर साथ काम करके उन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है, जो सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो करने के बाद सामने आई थीं। दोनों ने अपनी दोस्ती और प्रोफेशनल बॉन्ड को संगीत के जरिए फिर से मजबूत किया है।
अमेज़न प्राइम पर आने वाले Beast Games Season 2 के लिए दोनों ने मिलकर एक रैप सॉन्ग “Strong Vs Smart” तैयार किया है, जो रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। गाने में मुकाबले की भावना, आत्मविश्वास और आक्रामक अंदाज़ साफ नजर आता है।
अभिषेक बजाज, जिन्हें लोग शेरदिल के नाम से जानते हैं, गाने की शुरुआत दमदार वर्स से करते हैं। उनके बोल गाने के तेवर और टकराव भरे माहौल को साफ दिखाते हैं, जो ताकत और चालाकी के बीच की जंग को दर्शाते हैं।
दोनों कलाकारों ने अफवाहों पर सीधे कुछ कहने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना बेहतर समझा। यह रीयूनियन उनकी क्रिएटिव सोच और बड़े विज़न को दिखाता है, जिसकी वजह से यह गाना Beast Games Season 2 के सबसे चर्चित म्यूज़िक ट्रैक्स में से एक माना जा रहा है।
गौरतलब है कि Bigg Boss 19 के घर में अभिषेक और प्रणित एक ही पॉजिटिव गैंग का हिस्सा थे और उनकी दोस्ती काफी पसंद की जाती थी। दोनों को अक्सर साथ हंसते-मजाक करते और एक-दूसरे का सपोर्ट करते देखा गया था।
हालांकि, एक अहम एविक्शन राउंड में प्रणित द्वारा अभिषेक की जगह अश्नूर कौर को बचाने के फैसले के बाद उनके रिश्ते में खटास की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब इस नए रैप सॉन्ग के साथ दोनों ने साफ कर दिया है कि उनके बीच क्रिएटिव तालमेल अब भी मजबूत है।