Aakhri Sawaal: संजय दत्त की आगामी फिल्म ‘आखिरी सवाल’ का भी टीजर आज रिलीज हो गया है, ये टीजर देश के इतिहास में घटी कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कई सवाल उठाती है। इसके साथ ही फिल्म की कहानी के बारे में भी हिंट मिलती है
1 मिनट 52 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत संजय दत्त के वॉइस ओवर से होती है। इसमें वो द्रौपदी के पिता द्रुपद के बारे में बताते हैं। कैसे उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य से अपने अपमान का बदला लेने के लिए अपने पुत्र धृष्टद्युम्न को द्रोणाचार्य से शिक्षा लेने के लिए भेजा। इस कहानी के बाद टीजर में एंट्री होती है संजय दत्त की जो प्रोफेसर बने हैं और नमाशी चक्रवर्ती की, जिन्होंने विकी हेगड़े की भूमिका निभाई है
‘आखिरी सवाल’ विक्की (नमाशी चक्रवर्ती) की कहानी है, जो एक युवा विद्वान है और अपने गुरु प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी (संजय दत्त) के साथ उसका अकादमिक विवाद टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले एक टकराव में बदल जाता है। यह कहानी ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र करते हुए पीढ़ीगत मतभेद और सच की खोज जैसे मुद्दों पर बात करती है। कहानी के केंद्र में गुरु-शिष्य का संघर्ष है, जो एक बड़ी बहस में बदल जाता है। टीजर में महात्मा गांधी की हत्या, आरएसएस पर बैन, बाबरी विध्वंस जैसी कई ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र देखने को मिलता है।
टीजर में संजय दत्त और नमाशी चक्रवर्ती के अलावा फिल्म की बाकी कास्ट भी नजर आती। इसमें समीरा रेड्डी, अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे कलाकारों की झलक दिखती है। अभिजीत मोहन वारंग द्वारा निर्देशित ‘आखिरी सवाल’ 8 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।